8 मार्च को श्री झंडे जी आरोहण, 10 मार्च को नगर परिक्रमा

देहरादून में आस्था और परंपरा का प्रतीक श्री झंडे जी का वार्षिक आरोहण इस वर्ष 8 मार्च को होगा। इसी के साथ पारंपरिक मेले की शुरुआत होगी। यह आयोजन हर साल होली के पांचवें दिन किया जाता है। झंडे का गिलाफ सिलने की प्रक्रिया 5 मार्च से शुरू होगी, जबकि नगर परिक्रमा 10 मार्च को आयोजित की जाएगी।
मेले का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि मेला 8 मार्च से शुरू होकर 27 मार्च तक चलेगा। परंपरा के अनुसार 25 फरवरी को श्री दरबार साहिब के प्रतिनिधि सुभोध उनियाल, महंत देवेंद्र दास महाराज के हस्ताक्षरित हुक्मनामा को लेकर पंजाबी पैदल श्रद्धालुओं के लिए बरगांव जाएंगे। 27 फरवरी को महंत देवेंद्र दास महाराज अरईवाला में पहुंचकर श्रद्धालुओं का स्वागत करेंगे।
1 मार्च को महंत देवेंद्र दास महाराज पैदल श्रद्धालुओं के साथ श्री दरबार साहिब में प्रवेश करेंगे। इसके बाद श्रद्धालुओं के आने का क्रम तेज हो जाएगा। 5 मार्च को गिलाफ सिलने की रस्म के साथ बंबेईबाग से ध्वज दंड श्री दरबार साहिब लाया जाएगा। 7 मार्च को पूर्वी जत्था रवाना होगा। 9 मार्च को दिनभर श्रद्धालु पूजा-अर्चना करेंगे।
8 मार्च को झंडे के आरोहण की प्रक्रिया सुबह 8 से 9 बजे के बीच पुराने झंडे को उतारने से शुरू होगी। स्नान के बाद सादा और मखमली गिलाफ चढ़ाए जाएंगे। परिसर में आशीर्वचन के बाद औपचारिक गिलाफ चढ़ाया जाएगा। शाम 4 से 5 बजे के बीच श्री झंडे जी का आरोहण किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – देहरादून में गैंगस्टर विक्रम शर्मा हत्याकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
इस वर्ष देहरादून के पार्क रोड निवासी अनिल कुमार गोयल को औपचारिक गिलाफ चढ़ाने का सौभाग्य मिलेगा। उन्होंने बताया कि उन्होंने यह बुकिंग करीब 22 वर्ष पहले कराई थी। वर्ष 2025 में यह सेवा पंजाब के दो भाइयों द्वारा की गई थी।




