सिलक्यारा सुरंग में हुआ ब्रेकथ्रू

उत्तरकाशी – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में बुधवार को चारधाम यात्रा मार्ग की महत्वपूर्ण परियोजना सिलक्यारा सुरंग का ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू सम्पन्न हुआ। करीब ₹853 करोड़ की लागत से बन रही इस 4.531 किलोमीटर लंबी डबल लेन सुरंग से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के बीच की दूरी 26 किलोमीटर तक कम हो जाएगी, जिससे यात्रियों को समय और सुविधा दोनों में लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्ष 2023 की उस चुनौतीपूर्ण घटना को याद किया, जब निर्माण कार्य के दौरान सुरंग में भूस्खलन से 41 श्रमिक 17 दिनों तक भीतर फंसे थे। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और राज्य सरकार की सतत निगरानी में हुए सफल रेस्क्यू ऑपरेशन को मानवता और टीम वर्क की मिसाल बताया।
मुख्यमंत्री ने सुरंग निर्माण से जुड़े इंजीनियरों, तकनीकी विशेषज्ञों और श्रमिकों को बधाई देते हुए इसे न केवल तकनीकी सफलता, बल्कि आस्था और संकल्प का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि यह टनल निर्माण कार्य क्षेत्रीय पर्यटन, व्यापार और रोजगार की संभावनाओं को भी सशक्त करेगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बाबा बौखनाग मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने बताया कि सुरंग में फंसे श्रमिकों की सकुशल रिहाई के लिए उन्होंने बाबा बौखनाग से मन्नत मांगी थी और अब मंदिर निर्माण का संकल्प पूर्ण हो गया है। मुख्यमंत्री देहरादून स्थित अपने आवास से पूजा सामग्री लेकर सिलक्यारा पहुंचे थे।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान चार प्रमुख घोषणाएं भी की:
- सिलक्यारा सुरंग का नाम बाबा बौखनाग सुरंग किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
- गेंवला-ब्रह्मखाल के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में अपग्रेड किया जाएगा।
- बौखनाग टिब्बा को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जाएगा।
- स्यालना के पास हेलीपैड का निर्माण किया जाएगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टमटा, विधायक सुरेश चौहान, दुर्गेश्वर लाल, संजय डोभाल, एनएचआईडीसीएल के प्रबंध निदेशक डॉ. कृष्ण कुमार, जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट, पुलिस अधीक्षक सरिता डोभाल सहित अनेक जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।