श्रीनगर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप

श्रीनगर पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल से मचा हड़कंप

पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर में स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से अफरा-तफरी मच गई। यह धमकी कार्यालय की आधिकारिक ईमेल आईडी पर भेजी गई, जिसके बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। पूरे परिसर की गहन तलाशी ली गई, हालांकि कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई।

पासपोर्ट कार्यालय श्रीनगर के डाकघर भवन के भीतर संचालित होता है। धमकी भरा ईमेल मिलने के बाद कर्मचारियों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। इसके बाद श्रीनगर कोतवाली पुलिस और खुफिया विभाग की टीमों ने भवन और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।

श्रीनगर कोतवाली के निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि क्या इस तरह के धमकी भरे ईमेल देश के अन्य पासपोर्ट कार्यालयों को भी भेजे गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए साइबर सेल को भी जांच में शामिल किया गया है। ईमेल भेजने वाले की पहचान और धमकी के पीछे के उद्देश्य का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है।

Saurabh Negi

Share