मुख्यमंत्री धामी ने 13 महिलाओं को तीलू रौतेली और 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को किया सम्मानित

आज (गुरुवार को) सर्वे चौक स्थित आईआरडीटी सभागार में आयोजित राज्य स्त्री शक्ति, तीलू रौतेली एवं आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 13 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 33 आंगनवाड़ी कार्यकर्तत्रियों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने वीरांगना तीलू रौतेली को नमन करते हुए कहा कि मात्र 15 वर्ष की उम्र में उन्होंने अपने साहस और रणकौशल से इतिहास रचा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी “नारी तू नारायणी” के मंत्र के साथ मातृशक्ति के सशक्तिकरण के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने महिलाओं के लिए सरकारी सेवाओं में 30 प्रतिशत आरक्षण और समान नागरिक संहिता लागू करने जैसे ऐतिहासिक कदम उठाए हैं। साथ ही महिला स्वयं सहायता समूहों को 5 लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण दिया जा रहा है। वर्ष 2023 से तीलू रौतेली पुरस्कार राशि 31 हजार से बढ़ाकर 51 हजार और आंगनवाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार राशि 21 हजार से बढ़ाकर 51 हजार कर दी गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के प्रारंभिक विकास की नींव रखते हैं। इसी क्रम में राज्य सरकार ने आंगनवाड़ी बहनों का मानदेय 7500 से बढ़ाकर 9300, मिनी आंगनवाड़ी का 4500 से 6250 और सहायिकाओं का 3550 से बढ़ाकर 5250 रुपये कर दिया है। इसके अलावा आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को सुपरवाइज़र पद पर पदोन्नति का प्रावधान भी किया गया है।
उन्होंने कहा कि महिला समूहों के उत्पाद अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं और प्रधानमंत्री के विज़न के अनुरूप 21वीं शताब्दी का तीसरा दशक उत्तराखंड के नाम होगा, जिसमें महिला समूहों की बड़ी भूमिका रहेगी।
कार्यक्रम में मंत्री रेखा आर्य, विधायक खजान दास, सचिव चंद्रेश कुमार, निदेशक बंशीलाल राणा सहित बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हुईं।
तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त करने वाली महिलाएं:
- अल्मोड़ा – मीता उपाध्याय
- बागेश्वर – अलिशा मनराल
- चमोली – सुरभि
- चंपावत – अनामिका बिष्ट
- देहरादून – शिवानी गुप्ता
- हरिद्वार – रूमा देवी
- नैनीताल – नैना
- पौड़ी गढ़वाल – रोशमा देवी
- पिथौरागढ़ – रेखा भट्ट
- रुद्रप्रयाग – हेमा नेगी करासी
- टिहरी गढ़वाल – साक्षी चौहान
- ऊधमसिंह नगर – रेखा
- उत्तरकाशी – विजयलक्ष्मी जोशी