उत्तराखंड में पर्यटक बनकर तस्करी का पर्दाफाश, टैक्सी से 66 किलो गांजा बरामद

उत्तराखंड में पर्यटक बनकर तस्करी का पर्दाफाश, टैक्सी से 66 किलो गांजा बरामद

उत्तराखंड में पुलिस ने पर्यटक बनकर गांजा तस्करी कर रहे अंतरजनपदीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया है। अल्मोड़ा जिले के रानीखेत क्षेत्र में की गई कार्रवाई में एक टैक्सी से 66 किलोग्राम से अधिक गांजा बरामद किया गया। आरोपी पर्यटकों का भेष बनाकर टैक्सी के जरिए नशीले पदार्थ की तस्करी कर रहे थे।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेंद्र पींचा के निर्देश पर पहाड़ी क्षेत्रों में चलाए जा रहे नशा विरोधी अभियान के तहत की गई। सोमवार को रानीखेत कोतवाली प्रभारी भुवन जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम खैरना–रानीखेत राज्य मार्ग पर पन्याली क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान यूपी 23 बीटी 0365 नंबर की टैक्सी को रोककर तलाशी ली गई।

तलाशी के दौरान टैक्सी की छत पर रखे बोरे और बैग में भारी मात्रा में गांजा मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को पर्यटक बताकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश कर रहे थे। बरामद गांजे का कुल वजन 66 किलोग्राम से अधिक बताया गया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास, पुत्र अजय सिंह, निवासी खरमासा गांव काशीपुर; अनमोल सिंह, पुत्र ब्रायन सिंह, निवासी रामपुरा काशीपुर; और जसपाल सिंह, पुत्र विक्रम सिंह, निवासी प्रतापपुर नंबर 7, थाना नानकमत्ता के रूप में हुई है। तीनों आरोपी उधम सिंह नगर जिले के रहने वाले हैं।

कोतवाली प्रभारी भुवन जोशी ने बताया कि आरोपी सरईखेत से गांजा लेकर मुरादाबाद की ओर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि आरोपियों के पहले भी पहाड़ी क्षेत्रों में नशा तस्करी से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। गांजा कहां से लाया गया और नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है, इसकी जांच जारी है।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में बजट संकट, ट्रैफिक व पुलिस ड्यूटी से 2,900 पीआरडी स्वयंसेवकों को हटाया गया

इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक बृजमोहन भट्ट, एसओजी हेड कांस्टेबल अवधेश कुमार, कांस्टेबल कमल गोस्वामी, देवेंद्र सिंह और मनोज करायत शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में नशे के नेटवर्क पर सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Saurabh Negi

Share