यूकेपीएससी जिला खेल अधिकारी परीक्षा: छह प्रश्न हटाए गए, 8 फरवरी तक आपत्तियां आमंत्रित

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने जिला खेल अधिकारी भर्ती परीक्षा से छह प्रश्न हटाने का निर्णय लिया है। अभ्यर्थियों की ओर से दर्ज कराई गई आपत्तियों की समीक्षा के बाद आयोग ने संशोधित उत्तर कुंजी जारी की है। आयोग ने संशोधित उत्तर कुंजी पर 8 फरवरी तक दोबारा आपत्तियां मांगी हैं।
आयोग के प्रभारी सचिव जयवर्धन शर्मा द्वारा जारी सूचना के अनुसार, जिला खेल अधिकारी की परीक्षा 2 नवंबर को आयोजित की गई थी। इसके बाद 14 नवंबर को प्रारंभिक उत्तर कुंजी जारी कर अभ्यर्थियों से आपत्तियां आमंत्रित की गई थीं। प्राप्त आपत्तियों की जांच के बाद आयोग ने कुछ प्रश्नों को मूल्यांकन से हटाने का फैसला लिया।
प्रथम प्रश्नपत्र, जिसमें सामान्य अध्ययन, सामान्य बुद्धि परीक्षण और सामान्य हिंदी शामिल थे, उसमें सेट-ए के प्रश्न संख्या 43 और 73, सेट-बी के 25 और 80, सेट-सी के 10 और 77 तथा सेट-डी के 3 और 74 को मूल्यांकन से बाहर किया गया है।
द्वितीय प्रश्नपत्र, जो खेल विषयों से संबंधित था, उसमें सेट-ए के प्रश्न संख्या 71, 82, 90 और 98, सेट-बी के 53, 64, 72 और 80, सेट-सी के 31, 50, 51 और 58 तथा सेट-डी के 5, 24, 26 और 32 को हटाया गया है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि अभ्यर्थी संशोधित उत्तर कुंजी के संबंध में अपने प्रमाण सहित अभ्यावेदन 8 फरवरी तक ईमेल के माध्यम से भेज सकते हैं। आयोग के अनुसार, निर्धारित समय सीमा में प्राप्त आपत्तियों की समीक्षा के बाद आगे की प्रक्रिया पर निर्णय लिया जाएगा।




