उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग चालक भर्ती 2026: 72 पद, 17 अप्रैल से आवेदन
उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने विभिन्न विभागों में चालक के 72 पदों पर भर्ती की घोषणा की है। आयोग की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 17 अप्रैल 2026 से शुरू होगी।
आयोग के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि आवेदन के दौरान अभ्यर्थियों को आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होंगे। इनमें नाम और जन्मतिथि सत्यापन के लिए हाईस्कूल प्रमाणपत्र, आधार कार्ड की प्रति, श्रेणी प्रमाणपत्र और जहां आवश्यक हो वहां अनुभव प्रमाणपत्र शामिल हैं।
इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 7 मई 2026 निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को 11 से 13 मई के बीच आवेदन पत्र में संशोधन का अवसर भी मिलेगा। लिखित परीक्षा संभावित रूप से 21 जून 2026 को आयोजित की जाएगी।
विभिन्न विभागों में पदों का वितरण किया गया है। राज्य कर विभाग में सबसे अधिक 16 पद हैं। इसके अलावा कारागार प्रशासन और समाज कल्याण विभाग में 9-9 पद, ग्रामीण विकास विभाग में 7 पद और भूविज्ञान एवं खनन निदेशालय तथा पौड़ी गढ़वाल जिलाधिकारी कार्यालय में 6-6 पद निर्धारित किए गए हैं।
अन्य पदों में एनसीसी निदेशालय में 5, विभागीय लेखा निदेशालय में 3, चमोली जिलाधिकारी कार्यालय में 3 और अल्मोड़ा जिलाधिकारी कार्यालय में 2 पद शामिल हैं। चंपावत और पिथौरागढ़ में 1-1 पद, प्रशासन अकादमी में 1 पद तथा परिवहन विभाग में 2 पद रखे गए हैं।
इसे भी पढ़ें – केदारनाथ: दुर्घटनाग्रस्त हेली एम्बुलेंस एक साल से पड़ी खराब, सेवा ठप
अभ्यर्थी सहायता के लिए आयोग ने टोल फ्री और संदेश सेवा नंबर जारी किए हैं, जिनके माध्यम से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
