उत्तराखंड भाजपा को मार्च के पहले हफ्ते में मिल सकता है नया प्रदेश अध्यक्ष

उत्तराखंड भाजपा को नया प्रदेश अध्यक्ष मार्च के पहले सप्ताह में मिलने की संभावना है। निकाय चुनाव के कारण स्थगित हुई सांगठनिक चुनाव प्रक्रिया को दोबारा शुरू कर दिया गया है। पार्टी पहले मंडल और जिलाध्यक्षों का चयन रायशुमारी के आधार पर करेगी, जिसकी प्रक्रिया 28 फरवरी तक पूरी हो जाएगी। इसके बाद एक हफ्ते के भीतर नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।
वर्तमान प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट को फिर से जिम्मेदारी मिलने या किसी नए चेहरे के चयन को लेकर चर्चाएं तेज हैं। भाजपा के प्रदेश महामंत्री आदित्य कोठारी ने बताया कि 20 फरवरी तक मंडल अध्यक्ष और 28 फरवरी तक जिलाध्यक्षों की घोषणा कर दी जाएगी। इसके लिए 70 विधानसभा क्षेत्रों में तीन-तीन पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं, जो 15 फरवरी से मंडल अध्यक्ष पद के लिए स्थानीय वरिष्ठ कार्यकर्ताओं से चर्चा कर तीन नामों का पैनल तैयार करेंगे।
25 फरवरी तक जिलाध्यक्षों के लिए पैनल सौंपा जाएगा और 28 फरवरी तक घोषणा होगी। इस प्रक्रिया से पहले 9 फरवरी को देहरादून में एक कार्यशाला आयोजित की जाएगी, जिसमें सभी पर्यवेक्षक, जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी और प्रदेश प्रभारी शामिल होंगे।