उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं कल से, नकल रोकने के इंतजाम

उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाएं कल से, नकल रोकने के इंतजाम

उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की कक्षा 10 और 12 की बोर्ड परीक्षाएं 21 फरवरी से शुरू होकर 20 मार्च 2026 तक चलेंगी। परीक्षा की निष्पक्षता, केंद्रों की सुरक्षा और नकल रोकने के लिए सरकार ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।

राज्यभर में कुल 1,261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इनमें 156 संवेदनशील और छह अतिसंवेदनशील केंद्र शामिल हैं। दो लाख से अधिक छात्र परीक्षा में शामिल होंगे। हाईस्कूल में 1,12,679 और इंटरमीडिएट में 1,03,442 छात्र पंजीकृत हैं।

मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों को केंद्र व्यवस्थापकों और निरीक्षकों को पूर्ण सुरक्षा देने के निर्देश दिए हैं। प्रश्नपत्रों की गोपनीयता भंग होने, अनुचित साधनों के उपयोग और किसी भी हिंसक गतिविधि पर सख्त कार्रवाई के आदेश दिए गए हैं।

परीक्षा केंद्रों को सेक्टरों में बांटा जाएगा। प्रत्येक सेक्टर की जिम्मेदारी सेक्टर मजिस्ट्रेट को दी जाएगी। एक सेक्टर में आदर्श रूप से 10 से 12 केंद्र रखे जाएंगे। सामूहिक नकल की सूचना मिलने पर संबंधित परीक्षा रद्द या स्थानांतरित की जा सकती है।

परीक्षा केंद्रों में मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ, ईयरफोन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे। केंद्रों के 100 मीटर के दायरे में धारा 163 लागू की गई है। प्रवेश पत्र न होने पर एक परीक्षा के लिए रोल सूची के आधार पर प्रवेश दिया जा सकता है।

इसे भी पढ़ें – राजभवन में 27 फरवरी से वसंतोत्सव 2026, थीम फ्लोरल हीलिंग

उत्तर पुस्तिकाओं पर धार्मिक चिह्न या व्यक्तिगत पहचान लिखने पर अनुचित साधन माना जाएगा। प्रश्नपत्र पढ़ने के लिए छात्रों को 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। छह अतिसंवेदनशील केंद्रों में से चार हरिद्वार में हैं। विद्यालयी शिक्षा विभाग में छह माह तक हड़ताल पर प्रतिबंध लगाया गया है।

Saurabh Negi

Share