हरिद्वार में आंगनबाड़ी केंद्र छह दिन बंद, ठंड और कोहरे का असर

उत्तराखंड में जारी शीतलहर के चलते हरिद्वार जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र छह दिनों के लिए बंद कर दिए गए हैं। बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग ने 5 जनवरी से 10 जनवरी तक शीतकालीन अवकाश घोषित किया है। इस संबंध में जिला कार्यक्रम अधिकारी, बाल विकास, हरिद्वार की ओर से आदेश जारी किया गया है।
हालांकि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों की गतिविधियां स्थगित रहेंगी, लेकिन आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभागीय कार्य और बीएचएलओ से जुड़े दायित्व निभाने होंगे। विभाग ने स्पष्ट किया है कि अवकाश के दौरान भी आवश्यक प्रशासनिक कार्य नियमित रूप से चलते रहेंगे।
इधर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने उत्तराखंड के कुछ हिस्सों के लिए घने कोहरे का येलो अलर्ट जारी किया है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में शीत दिवस जैसी स्थिति बनी हुई है, जिससे सामान्य जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार हरिद्वार, ऊधम सिंह नगर, देहरादून, पौड़ी, नैनीताल और चंपावत जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पर्वतीय क्षेत्रों में पाला पड़ने से शुष्क ठंड और अधिक बढ़ सकती है। हालांकि मौसम शुष्क रहने के कारण तापमान में किसी बड़े उतार-चढ़ाव की संभावना नहीं जताई गई है।



