88.8 MHz पर सुनें विज्ञान की आवाज, देहरादून में तैयार हुआ प्रदेश का पहला साइंस रेडियो स्टेशन

देहरादून, 2 जून — उत्तराखंड राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (यूकॉस्ट) में प्रदेश का पहला साइंस रेडियो स्टेशन पूरी तरह तैयार हो गया है। 88.8 मेगाहर्ट्ज फ्रीक्वेंसी पर चलने वाले इस कम्युनिटी रेडियो स्टेशन का ट्रायल सफल रहा और अब यह आगामी 5 जून, विश्व पर्यावरण दिवस से प्रसारण शुरू करने जा रहा है। इस अनोखे रेडियो स्टेशन के ज़रिए आम लोग अब वैज्ञानिकों से सीधे जुड़ सकेंगे। मौसम, तकनीकी जानकारी और नवाचारों की उपयोगिता से लेकर शोध के सामाजिक प्रभाव तक, वैज्ञानिक सरल भाषा में जनता से संवाद करेंगे। यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने स्वयं इसका निरीक्षण किया और ट्रायल की सफलता की पुष्टि की।
इस साइंस रेडियो स्टेशन की खासियतें:
10 किमी हवाई क्षेत्र तक होगा प्रसारण।
हर दिन दो घंटे का विज्ञान जागरूकता कार्यक्रम।
वैज्ञानिक, शोधकर्ता और प्रोफेसर अपने शोध के सामाजिक पक्ष बताएंगे।
राज्यपाल के वन यूनिवर्सिटी, वन रिसर्च निर्देश के तहत विवि की शोध परियोजनाएं शामिल होंगी।
छात्रों में विज्ञान के प्रति रुचि जागृत करने का अभियान।
यूकॉस्ट परिसर में टॉवर और ट्रांसमीटर की स्थापना हो चुकी है। बेसिल (ब्रॉडकास्ट इंजीनियरिंग कंसलटेंट्स इंडिया लिमिटेड) ने तकनीकी निर्माण और ट्रायल का कार्यभार संभाला। यह रेडियो स्टेशन आपदा प्रबंधन और विज्ञान संचार जैसे विषयों में भी अहम भूमिका निभाएगा।