उत्तराखंड गृह विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, आईजी निवेदिता कुकरेती बनीं विशेष सचिव, एसडीआरएफ की भी जिम्मेदारी

उत्तराखंड सरकार ने गृह विभाग में अहम प्रशासनिक बदलाव किया है। 2008 बैच की आईपीएस अधिकारी और आईजी निवेदिता कुकरेती को विशेष सचिव गृह नियुक्त किया गया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगोली की ओर से आदेश जारी किए गए हैं। अब तक वह गृह विभाग में अपर सचिव की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
नई नियुक्ति के साथ ही आईजी निवेदिता कुकरेती को राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) का प्रभार भी सौंपा गया है। आपदा संवेदनशील राज्य उत्तराखंड में एसडीआरएफ की भूमिका को देखते हुए यह जिम्मेदारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे गृह विभाग और पुलिस तंत्र के बीच आपदा प्रबंधन से जुड़ा समन्वय और मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।
निवेदिता कुकरेती को इस वर्ष पुलिस महानिरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली थी। अपने सेवाकाल में उन्होंने पुलिस विभाग में कई अहम पदों पर कार्य किया है। प्रशासनिक और फील्ड अनुभव को देखते हुए उन्हें नीति निर्धारण स्तर पर यह अतिरिक्त दायित्व दिया गया है।
इससे पहले आईजी ऋद्धिम अग्रवाल विशेष सचिव गृह के पद पर कार्यरत थीं। बाद में उन्हें कुमाऊं परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक का प्रभार सौंपा गया था।
इसे भी पढ़ें – दिन में उद्योगों को 20% सस्ती बिजली, पीक ऑवर में महंगी दरें लागू करने का प्रस्ताव
इधर, उत्तराखंड पुलिस में एक और महत्वपूर्ण नियुक्ति की गई है। 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी आईजी सुनील कुमार मीणा को उत्तराखंड पुलिस का मुख्य प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। वर्तमान में वह आईजी कानून व्यवस्था के पद पर कार्यरत हैं। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सोमवार शाम इस संबंध में आदेश जारी किए। आईजी मीणा राज्य के कई जिलों में पुलिस अधीक्षक के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं।




