उत्तराखंड में पांच IPS अधिकारियों के तबादले, शासन ने जारी किए आदेश

उत्तराखंड शासन ने भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के पांच अधिकारियों का तबादला कर दिया है। इस संबंध में गृह सचिव शैलेश बगौली ने आदेश जारी किए हैं। तबादले में कई अहम पदों पर फेरबदल किया गया है, जिसमें अपराध एवं कानून व्यवस्था, सतर्कता अधिष्ठान और यातायात से जुड़े पद शामिल हैं।
इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी
आदेश के मुताबिक, आईपीएस मुकेश कुमार को उनके वर्तमान पद से हटाकर पुलिस महानिरीक्षक (IG) पीएसी बनाया गया है। वहीं, आईपीएस धीरेन्द्र सिंह गुंज्याल को सहायक पुलिस महानिरीक्षक (AIG) कारागार से हटाकर पुलिस उप महानिरीक्षक (DIG) अपराध एवं कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा, आईपीएस रचिता जुयाल को पुलिस अधीक्षक (SP) सतर्कता अधिष्ठान नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह पुलिस मुख्यालय में तैनात थीं।
हरिद्वार जिले में भी बदलाव किए गए हैं। आईपीएस जितेंद्र मेहरा को हरिद्वार का पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) बनाया गया है। इससे पहले वह अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर कार्यरत थे। इसी तरह, आईपीएस निहारिका तोमर को ऊधम सिंह नगर जिले में पुलिस अधीक्षक (अपराध एवं यातायात) के रूप में नियुक्त किया गया है। वह भी पहले अपर पुलिस अधीक्षक के पद पर थीं।
शासन द्वारा किए गए इन तबादलों को प्रदेश में पुलिस प्रशासन को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में उठाया गया कदम माना जा रहा है।