बजट सत्र में आएगा भू-कानून? भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का बड़ा बयान

उत्तराखंड में लंबे समय से भू-कानून की मांग हो रही है, और हाल ही में यह मुद्दा फिर से चर्चा में आ गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में सख्त भू-कानून लाने की मांग तेज हो गई है। ऐसे में यह सवाल उठ रहा है कि क्या बजट सत्र में भू-कानून पेश किया जाएगा? इस पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्थिति स्पष्ट की है।
महेंद्र भट्ट ने कहा कि राज्य सरकार जन भावनाओं के अनुरूप कड़ा भू-कानून लाने जा रही है। सरकार ने भू-कानून लागू करने से पहले कानून उल्लंघन के मामलों की जिलाधिकारी स्तर पर जांच पूरी कर ली है। इसके तहत ऐसी जमीनें राज्य सरकार में निहित की जाएंगी जिन पर अवैध कब्जे या नियमों का उल्लंघन हुआ है।
उन्होंने कहा कि राज्यवासियों की हर इंच जमीन की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पहले ही अपनी कड़ी भू-कानून लाने की प्रतिबद्धता जता चुके हैं, और बजट सत्र में इसे लागू करने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
भट्ट ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को राज्य के सांस्कृतिक संरक्षण से कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आज भू-कानून को लेकर सवाल उठा रही है, लेकिन उसने राज्य की सांस्कृतिक पहचान और डेमोग्राफी की सुरक्षा के लिए कोई कदम नहीं उठाया। भाजपा इस मुद्दे पर पूरी तरह सचेत है और भू-कानून को लेकर राज्य की जनता की भावनाओं के साथ है।