उत्तराखंड LPG संकट के बीच शादी के लिए अस्थायी गैस कनेक्शन की अनुमति

उत्तराखंड में एलपीजी आपूर्ति को लेकर उठ रही चिंताओं के बीच खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने शादी समारोहों के लिए अस्थायी गैस कनेक्शन की सुविधा शुरू की है। Anand Swarup ने बताया कि जिन परिवारों में विवाह जैसे आयोजन हैं, वे संबंधित गैस एजेंसी के माध्यम से आवेदन कर अधिकतम दो कमर्शियल सिलेंडर प्राप्त कर सकते हैं।
आयुक्त ने स्पष्ट किया कि राज्य में घरेलू गैस आपूर्ति सामान्य बनी हुई है, हालांकि कुछ क्षेत्रों में दिक्कतें सामने आई हैं। उन्होंने बताया कि प्रतिदिन करीब 5,300 कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति की जा रही है, जबकि लगभग 2.68 लाख घरेलू कनेक्शनों का बैकलॉग अभी भी लंबित है।
विभाग का कहना है कि यह व्यवस्था विशेष रूप से शादी जैसे उच्च मांग वाले समय में दबाव कम करने के लिए की गई है। साथ ही एलपीजी पर निर्भरता घटाने के लिए पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) को बढ़ावा दिया जा रहा है। अब तक करीब 36,300 घरों में PNG कनेक्शन दिए जा चुके हैं और अप्रैल तक इसे बढ़ाकर 1.5 लाख परिवारों तक पहुंचाने की योजना है।
चारधाम यात्रा को ध्यान में रखते हुए सभी जिलों से गैस की आवश्यकता का प्रस्ताव भी मांगा गया है। जहां भी कमी की स्थिति सामने आएगी, उसे केंद्र सरकार तक भेजा जाएगा ताकि समय पर समाधान किया जा सके।
विभाग ने कालाबाजारी पर भी सख्ती बढ़ा दी है। 87 स्थानों पर छापेमारी कर 15 मामले दर्ज किए गए और 85,100 रुपये का जुर्माना लगाया गया। इस दौरान 672 घरेलू और 139 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए गए।
इसे भी पढ़ें – रुड़की में नरसन के पास हाईवे पर पलटी पिकअप, तीन लोग घायल
हालांकि सरकार ने बड़े संकट से इनकार किया है, लेकिन अस्थायी कनेक्शन की सुविधा और लगातार कार्रवाई यह संकेत देती है कि आपूर्ति प्रबंधन को लेकर चुनौतियां बनी हुई हैं। विभाग ने वैकल्पिक ईंधनों जैसे बायोमास ब्रिकेट और अन्य संसाधनों के उपयोग पर भी जोर दिया है।




