पर्वतीय जिलों में बनेंगे 17 नए मिनी स्टेडियम, खेल सुविधाएं मजबूत करने की तैयारी

पर्वतीय जिलों में बनेंगे 17 नए मिनी स्टेडियम, खेल सुविधाएं मजबूत करने की तैयारी

उत्तराखंड सरकार ने पर्वतीय जिलों में खेल सुविधाओं को मजबूत करने के लिए 17 नए मिनी स्टेडियम बनाने की योजना बनाई है। इसकी जानकारी खेल मंत्री रेखा आर्या ने दी। सरकार का उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देना है।

युवा कल्याण विभाग के अधिकारियों के अनुसार राज्य के विभिन्न जिलों में 11 नए मिनी स्टेडियम प्रस्तावित किए गए हैं, जबकि छह मिनी स्टेडियमों का निर्माण कार्य पहले से जारी है। इन परियोजनाओं के पूरा होने से पर्वतीय क्षेत्रों के युवाओं को स्थानीय स्तर पर प्रशिक्षण और अभ्यास की बेहतर सुविधा मिल सकेगी।

प्रस्तावित परियोजनाओं के तहत टिहरी जिले के नैलचामी और घरगांव डांडा, पिथौरागढ़ जिले के ग्यालदेवी, उत्तरकाशी के भंकोली ग्राम पंचायत, तथा पौड़ी गढ़वाल के एकेश्वर विकासखंड मुख्यालय और दुगड्डा में मिनी स्टेडियम बनाए जाएंगे।

इसके अलावा नैनीताल जिले के भीमताल, चंपावत के बनबसा, बागेश्वर के देवतोली और अल्मोड़ा जिले के चौलछीना में भी मिनी स्टेडियम निर्माण की योजना है।

इसे भी पढ़ें – यूपीसीएल ने मांगी उपनल कर्मियों की जानकारी, समान कार्य के लिए समान वेतन योजना पर बढ़ी तैयारी

खेल मंत्री ने बताया कि वर्तमान में राज्य में खेल विभाग के अंतर्गत 30 मिनी स्टेडियम और युवा कल्याण विभाग के अंतर्गत 102 मिनी स्टेडियम संचालित हो रहे हैं। नए स्टेडियम बनने से पर्वतीय जिलों में खेल ढांचा और मजबूत होगा तथा युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।

Saurabh Negi

Share