उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को नई उड़ान, मुख्यमंत्री ने चार हेली सेवाओं का किया शुभारंभ

देहरादून: उत्तराखंड में हवाई कनेक्टिविटी को मजबूती देने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को चार नई हेली सेवाओं का शुभारंभ किया। इन सेवाओं के तहत देहरादून से नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी तथा हल्द्वानी से बागेश्वर के लिए हवाई मार्ग से कनेक्टिविटी स्थापित हो गई है।
पर्यटन और आर्थिक विकास को मिलेगी गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘उड़ान’ योजना के अंतर्गत शुरू की गई ये हेली सेवाएं राज्य में पर्यटन और आर्थिक विकास को नई गति देंगी। उन्होंने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से स्थानीय लोगों को लाभ मिलेगा, साथ ही नैनीताल, बागेश्वर और मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों तक यात्रियों की पहुंच सुगम होगी। मुख्यमंत्री ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘उड़ान’ योजना से हवाई यात्रा को आमजन तक पहुंचाने की दिशा में यह एक और महत्वपूर्ण कदम है।”
उन्होंने कहा कि सड़क मार्ग से देहरादून से इन स्थानों तक पहुंचने में 8 से 10 घंटे का समय लगता है, जबकि हेली सेवा से यह सफर मात्र एक घंटे में पूरा हो सकेगा। इसके अलावा, इन सेवाओं से आपातकालीन परिस्थितियों में भी लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
राज्य में 12 हेलीपोर्ट्स पर सेवाएं जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि उत्तराखंड में हवाई संपर्क को और सशक्त बनाने के लिए 18 हेलीपोर्ट्स विकसित किए जा रहे हैं, जिनमें से अब तक 12 पर हेली सेवाएं संचालित हो रही हैं। गौचर, श्रीनगर, चिन्यालीसौड़, हल्द्वानी, मुन्स्यारी, पिथौरागढ़, पंतनगर, चंपावत और अल्मोड़ा को पहले ही हेली नेटवर्क से जोड़ा जा चुका है।
यात्रियों से वर्चुअल बातचीत
शुभारंभ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने हेली सेवा से यात्रा करने वाले यात्रियों से वर्चुअल माध्यम से बातचीत भी की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी, विधायक उमेश शर्मा काऊ, खजानदास, सविता कपूर, बृज भूषण गैरोला, मेयर सौरभ थपलियाल, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव सचिन कुर्वे, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडे, युकाडा की मुख्य कार्यकारी अधिकारी सोनिका सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।
हेली सेवाओं का संचालन और किराया विवरण
चारों हेली सेवाएं सप्ताह के सातों दिन संचालित होंगी। देहरादून-मसूरी सेवा उत्तराखंड हवाई संपर्क योजना के तहत संचालित होगी, जबकि अन्य तीन सेवाएं केंद्र सरकार की क्षेत्रीय संपर्क योजना के तहत चलाई जाएंगी।
मार्ग | किराया (रुपये प्रति यात्री) | उड़ान समय (देहरादून/हल्द्वानी से) | उड़ान समय (गंतव्य से) |
---|---|---|---|
देहरादून-नैनीताल | 4500 | सुबह 8:15, दोपहर 2:25 | सुबह 9:10, दोपहर 3:20 |
देहरादून-बागेश्वर | 4000 | सुबह 10:20, दोपहर 12:30 | सुबह 11:10, दोपहर 1:20 |
हल्द्वानी-बागेश्वर | 3500 | सुबह 8:30, दोपहर 2:45 | सुबह 9:00, दोपहर 3:00 |
देहरादून-मसूरी | 2578 | – | – |
इसे भी पढ़ें – रुद्रप्रयाग: देवल में पिंजरे में फंसा गुलदार, ग्रामीणों को मिली राहत
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह हेली सेवाएं राज्य में न केवल यात्रा को आसान बनाएंगी बल्कि दैवीय आपदाओं के समय भी एक महत्वपूर्ण जीवनरेखा के रूप में कार्य करेंगी। उत्तराखंड सरकार घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के विस्तार की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है, जिससे राज्य को एक प्रमुख पर्यटन और आध्यात्मिक गंतव्य के रूप में विकसित किया जा सके।