उत्तराखंड पंचायत चुनाव: जिला पंचायत में कांग्रेस के 198 में से 138 अधिकृत प्रत्याशी विजयी

उत्तराखंड में संपन्न हुए त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों में कांग्रेस पार्टी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि जिला पंचायत सदस्य पदों पर उन्होंने बड़ी सफलता हासिल की है। कांग्रेस के उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना ने दावा किया कि पार्टी के 198 अधिकृत प्रत्याशियों में से 92 समर्थित उम्मीदवार विजयी घोषित हुए हैं। यह पार्टी के लिए जिला पंचायत स्तर पर एक मजबूत बढ़त मानी जा सकती है।
राजधानी देहरादून की बात करें तो यहां कांग्रेस के अनुसार उन्होंने 16 अधिकृत प्रत्याशियों में से 12 सीटें अपने नाम की हैं, जबकि चार ओपन सीटों पर भी कांग्रेस समर्थित प्रत्याशी विजयी हुए हैं। गढ़वाल और कुमाऊं मंडलों में भी पार्टी को बढ़त मिलने का दावा किया गया है। पार्टी नेतृत्व का कहना है कि प्रदेश के 12 में से 8 से 10 जिला पंचायतों में कांग्रेस समर्थित बोर्ड बनने जा रहे हैं।
सूर्यकांत धस्माना ने इस जीत को कांग्रेस की जनसेवा और नीतियों की जीत बताया है। धासमाना ने आरोप लगाया कि भाजपा राज्य निर्वाचन आयोग, धनबल और सत्ता बल का इस्तेमाल कर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके बावजूद जनता ने भाजपा की नीतियों को नकारते हुए कांग्रेस को जनादेश दिया है। कांग्रेस का कहना है कि इस जीत से पंचायत स्तर पर मजबूत संगठनात्मक आधार तैयार होगा, जो भविष्य के चुनावों में कांग्रेस को और गति देगा।
जिला पंचायत अध्यक्ष जरूर कांग्रेस समर्थित बनेंगे
पंचायत चुनाव के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में आए हैं। ग्रामीण क्षेत्र की जनता ने भाजपा सरकार की विरोधी नीतियों के खिलाफ मतदान किया। पंचायत चुनाव नतीजे बताते हैं कि 2027 में कांग्रेस सत्ता में आएगी। भाजपा छल कपट व प्रलोभन के हथकंडे न अपनाए तो कई जिलों में जिला पंचायत अध्यक्ष कांग्रेस समर्थित बनेंगे।
-करन माहरा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष