गणतंत्र दिवस 2026 पर देहरादून परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

गणतंत्र दिवस 2026 पर देहरादून परेड ग्राउंड में राज्य स्तरीय समारोह, राज्यपाल ने ली परेड की सलामी

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर उत्तराखंड का मुख्य राज्य स्तरीय समारोह देहरादून स्थित परेड ग्राउंड में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया और भव्य परेड की सलामी ली। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी उपस्थित रहे।

राज्यपाल ने प्रदेशवासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए महात्मा गांधी, डॉ. भीमराव आंबेडकर और संविधान निर्माताओं को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश डिजिटल अर्थव्यवस्था, स्टार्टअप, रक्षा उत्पादन, अंतरिक्ष तकनीक, हरित ऊर्जा और सैन्य शक्ति के क्षेत्रों में नए मानक स्थापित कर रहा है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड भी इस राष्ट्रीय प्रगति में सक्रिय भूमिका निभा रहा है।

राज्यपाल ने कहा कि योग और आयुर्वेद उत्तराखंड की आत्मा हैं और राज्य को वैश्विक योग एवं वेलनेस केंद्र के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिलाएं शिक्षा, रक्षा, खेल और उद्यमिता के क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रही हैं। समान नागरिक संहिता लागू होने से महिलाओं को कानूनी सुरक्षा और समानता मिली है।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने शासन, आपदा प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाओं और शिक्षा में तकनीक के बढ़ते उपयोग का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि डिजिटल सेवाओं के विस्तार से आम नागरिकों को सीधा लाभ मिल रहा है। परेड के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा विकास, संस्कृति और उपलब्धियों पर आधारित झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्हें दर्शकों ने सराहा।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं और स्वतंत्रता सेनानियों, संविधान निर्माताओं तथा राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस संविधान निर्माण का उत्सव है, जो नागरिकों को न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रेरित करता है।

इसे भी पढ़ें – रुद्रप्रयाग के रैतौली के पास अलकनंदा में गिरा ट्रक, चालक की मौत

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के प्रधानमंत्री के संकल्प के अनुरूप कार्य कर रही है। उन्होंने समान नागरिक संहिता, तीर्थयात्रा प्रबंधन, पर्यटन अवसंरचना विकास, शीतकालीन यात्रा और उद्योग अनुकूल नीतियों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि नीति आयोग के निर्यात तैयारी सूचकांक में उत्तराखंड ने लघु राज्यों में पहला स्थान प्राप्त किया है।

Saurabh Negi

Share