उत्तराखंड में बर्फबारी से चकराता से मुखबा तक पहाड़ सफेद, पर्यटकों में उत्साह

उत्तराखंड में बर्फबारी से चकराता से मुखबा तक पहाड़ सफेद, पर्यटकों में उत्साह

शुक्रवार को उत्तराखंड में मौसम ने अचानक तीखा रुख अपनाया, जिससे बारिश और बर्फबारी के साथ पहाड़ी इलाकों में सर्दियों का नजारा लौट आया। चकराता से लेकर मां गंगा की शीतकालीन राजधानी मुखबा तक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। मौसम में आए इस बदलाव से ठंड में इजाफा हुआ और पर्यटन स्थलों पर गतिविधियां फिर से तेज हो गईं।

लंबे इंतजार के बाद चकराता में सीजन की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। लोखंडी, अस्माड़, खडंबा, देवबन, मशाक, कोटी कांसार और मुंडोई क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी हुई, जिससे आसपास की पहाड़ियां पूरी तरह सफेद नजर आने लगीं। बर्फ गिरते ही चकराता में मौजूद पर्यटक खुशी से झूम उठे और मौसम का आनंद लेते दिखाई दिए।

उत्तरकाशी जिले में भी मौसम ने अचानक करवट ली। मुखबा गांव और आपदा प्रभावित धराली क्षेत्र में बर्फबारी शुरू हो गई। इसके अलावा गंगोत्री और यमुनोत्री क्षेत्र के आसपास भी बर्फ गिरने की सूचना है, जिससे तापमान में तेज गिरावट दर्ज की गई और ठंड और अधिक बढ़ गई।

मसूरी, धनोल्टी और आसपास के इलाकों में हल्की बर्फबारी और ठंडे हालात देखने को मिले, जिससे पूरे क्षेत्र में सर्द मौसम बना रहा। वहीं निचले इलाकों में दिनभर बारिश और बूंदाबांदी होती रही, जिससे लोगों को ठंड का असर महसूस हुआ।

इसे भी पढ़ें – मसूरी में सीजन की पहली बर्फबारी, पहाड़ों ने ओढ़ी सफेद चादर, वीडियो-रील्स वायरल

मौसम विभाग के अनुसार 2,300 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। सीजन की पहली बर्फबारी से जहां पहाड़ों में ठंड बढ़ी है, वहीं पर्यटन व्यवसाय, पर्यटकों और किसानों में नई उम्मीद और उत्साह भी देखा जा रहा है। वसंत के करीब पहुंचते हुए हुई यह देरी से आई बर्फबारी लंबे इंतजार के बाद सर्दियों का अहसास लौटा लाई है।

Saurabh Negi

Share