उत्तराखंड की वादियों में बर्फबारी का जादू, बारिश और ठंड से पहाड़ों की खूबसूरती बढ़ी
उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी के बाद पहाड़ों ने सफेद चादर ओढ़ ली है। मसूरी, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री में जमकर बर्फबारी हो रही है, जिससे प्रदेश की ऊंची चोटियां जन्नत जैसी नजर आ रही हैं। उत्तरकाशी की हर्षिल घाटी और ऊंचाई वाले इलाकों में सुबह से बर्फ गिर रही है। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम भी बर्फ की सफेद चादर से ढक चुके हैं। मां गंगा के शीतकालीन प्रवास मुखबा में बर्फबारी का दृश्य मन मोह रहा है। वहीं, यमुनोत्री के पुजारी शेखर उनियाल ने बताया कि सुबह से क्षेत्र में लगातार बर्फ गिर रही है, जिससे तीर्थ क्षेत्र में ठंड और बढ़ गई है। लगातार हो रही बर्फबारी के चलते बदरीनाथ धाम में छह इंच तक ताजा बर्फ जम गई है। यात्रा तैयारियों का जायजा लेने जा रहे जिलाधिकारी ने बर्फबारी के कारण धाम का दौरा रद्द कर दिया। प्रशासन मार्च में यात्रा मार्गों की मरम्मत और मास्टर प्लान के कार्य फिर से शुरू करेगा, ताकि 4 मई से शुरू होने वाली बदरीनाथ यात्रा सुचारू हो सके।
इसे भी पढ़ें – कोटद्वार में पति ने पत्नी की हत्या कर खुद को भी मारने की कोशिश, बिलखते रहे बच्चे
मौसम विभाग के अनुसार, 20 फरवरी तक प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी। हालांकि, 21 फरवरी से मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जिससे तापमान में हल्की बढ़ोतरी हो सकती है।