उत्तरकाशी: होली पार्टी के दौरान पहाड़ी से गिरने पर युवक की मौत, बाजार क्षेत्र में शोक

उत्तरकाशी में होली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब देर रात पार्टी के दौरान पहाड़ी से गिरकर एक 23 वर्षीय युवक की मौत हो गई। घटना के बाद शहर के मुख्य बाजार क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस के अनुसार, जोशी मोहल्ला, मुख्य बाजार उत्तरकाशी निवासी अनमोल उभान अपने दो दोस्तों के साथ कुटेटी के पास जासपुर सिल्याण मोटर मार्ग के समीप होली मना रहा था। इसी दौरान वह अचानक फिसलकर पहाड़ी से नीचे गिर गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना उसके साथ मौजूद दोस्तों ने पुलिस को दी और 108 आपात सेवा को कॉल किया। एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान बुधवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई।
कोतवाली के एसएसआई दिलमोहन बिष्ट ने बताया कि आवश्यक कानूनी औपचारिकताओं के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
इसी बीच होली के दिन एक अन्य सड़क हादसा भी सामने आया। मोरी तहसील क्षेत्र में नेटर–ढौली मोटर मार्ग पर ग्राट टोक के पास एक बोलेरो कैंपर वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया। वाहन नेटर से ढौली की ओर जा रहा था।
इसे भी पढ़ें – मुख्यमंत्री आवास में लोक कलाकारों संग मना होली उत्सव, संस्कृति से सजा माहौल
हादसे में सचिन रावत और करणवीर रावत, दोनों निवासी नेटर गांव, घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को रेस्क्यू किया और प्राथमिक उपचार के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पुरोला भेजा। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत स्थिर है।




