ज्योतिर्मठ में नमाज का वीडियो वायरल होने पर प्रशासन सतर्क

ज्योतिर्मठ में नगर पालिका के निर्माणाधीन भवन के भीतर नमाज अदा किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने तुरंत कदम उठाए और दोनों समुदायों के प्रतिनिधियों को बातचीत के लिए बुलाया। लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
यह मामला मीट मार्केट क्षेत्र में नगर पालिका द्वारा बनाए जा रहे एक निर्माणाधीन भवन से जुड़ा है। बताया गया है कि यह भवन बच्चों की टेबल टेनिस गतिविधियों के लिए विकसित किया जा रहा है। गुरुवार को वायरल हुए वीडियो में मुस्लिम समुदाय के कुछ लोग भवन के भीतर नमाज अदा करते दिखे।
उपजिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ ने दोनों समुदायों के लोगों के साथ बैठक की। उन्होंने आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की। पुलिस को स्थिति पर नजर रखने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
नगर पालिका अध्यक्ष देवेश्वरी शाह ने बताया कि मुस्लिम समुदाय के लोगों ने रोजा के दौरान दस दिनों तक नमाज पढ़ने की मौखिक अनुमति मांगी थी। विवाद के बाद शाम को सभासदों की बैठक बुलाई गई। बैठक में निर्माणाधीन भवन के कमरे को बंद रखने और संबंधित लोगों से वैकल्पिक व्यवस्था करने को कहा गया।
इसे भी पढ़ें – सीएम चैंपियनशिप (खेल महाकुम्भ) ट्रॉफी में खिलाड़ियों के भोजन भत्ते बढ़ाने पर विचार
उधर गोपेश्वर में हिंदू संगठनों के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की। बजरंग दल और एबीवीपी के सदस्यों ने मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।




