1 फरवरी से नई दिल्ली में  शुरू होगा विश्व पुस्तक मेला 2025

1 फरवरी से नई दिल्ली में  शुरू होगा विश्व पुस्तक मेला 2025

विश्व पुस्तक मेला 2025 इस वर्ष 1 से 9 फरवरी तक नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित होगा। यह मेला साहित्य प्रेमियों के लिए एक सुनहरा अवसर होगा, जहां दुनिया भर के लेखक, प्रकाशक और साहित्यकार एक मंच पर एकत्रित होंगे। इस बार पुस्तक मेले में संविधान में निहित सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों को पुस्तकों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से प्रदर्शित किया जाएगा।

पुस्तक मेले में पंकज त्रिपाठी, शशि थरूर, कुमार विश्वास, प्रकाश झा, पुष्पेश पंत जैसे चर्चित लेखक और विचारक अपने विचार साझा करेंगे। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण हॉल नंबर 5 में थीम पवेलियन होगा, जहां भारत के गणतांत्रिक आदर्शों को प्रदर्शित किया जाएगा। वहीं, हॉल नंबर 4 में अंतरराष्ट्रीय प्रकाशक और लेखक अपने मंडप लगाएंगे, जिससे लोग वैश्विक साहित्य और संस्कृति से परिचित हो सकेंगे। इस वर्ष रूस से आई किताबों के माध्यम से वहां की साहित्यिक और सांस्कृतिक धरोहर का भी प्रदर्शन किया जाएगा।

हॉल नंबर 6 में कथा वाचन, लेखन कार्यशालाओं और वैदिक गणित सत्रों का आयोजन होगा। साथ ही, ब्रेल किताबों का मुफ्त वितरण किया जाएगा। “फेस्टिवल ऑफ फेस्टिवल” पहल के तहत विभिन्न साहित्यिक मंचों और पुस्तक महोत्सवों का आयोजन कर भारत के साहित्यिक परिदृश्य को और समृद्ध किया जाएगा।

इस बार “ऑथर्स लाउंज” नामक नया कार्यक्रम शुरू किया जाएगा, जिसमें लेखक और साहित्यकार अपने विचार साझा करेंगे और विभिन्न साहित्यिक चर्चाओं में भाग लेंगे। इसके अलावा, “रीडिंग प्लेज” और क्विज प्रतियोगिता जैसी गतिविधियों के माध्यम से पाठकों को पढ़ने के लिए प्रेरित किया जाएगा। पुस्तक मेले का समय सुबह 11 बजे से शाम 8 बजे तक रहेगा। स्कूल यूनिफॉर्म में आने वाले छात्रों और वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रवेश निःशुल्क रहेगा। यह आयोजन भारत मंडपम, प्रगति मैदान में होगा, जिसका निकटतम मेट्रो स्टेशन सुप्रीम कोर्ट है। प्रवेश के लिए गेट नंबर 10, 4 और 3 से शटल सेवा उपलब्ध रहेगी।

admin

Share