चारधाम यात्रा 2025 : उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही, यमुनोत्री हाईवे समेत 67 सड़कें बंद, ओजरी में बैली ब्रिज का निर्माण जारी

चारधाम यात्रा 2025 : उत्तराखंड में भारी बारिश से तबाही, यमुनोत्री हाईवे समेत 67 सड़कें बंद, ओजरी में बैली ब्रिज का निर्माण जारी

उत्तराखंड में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। लगातार हो रही बारिश के कारण प्रदेशभर में भूस्खलन और मलबा गिरने की घटनाएं बढ़ गई हैं। इसका सबसे ज्यादा असर चारधाम यात्रा 2025 और  सड़कों पर देखने को मिल रहा है। ऋषिकेश-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग सहित प्रदेश की 67 सड़कें मलबा आने से बंद पड़ी हैं। इससे आम जनजीवन के साथ ही चारधाम यात्रा भी प्रभावित हो रही है।

यमुनोत्री हाईवे का एक हिस्सा बीते 28 जून को उत्तरकाशी जनपद के ओजरी क्षेत्र में बह गया था। इसके बाद से एनएच विभाग 24 मीटर लंबे स्पान का बैली ब्रिज तैयार करने में जुटा है। मौसम ने साथ दिया तो निर्माण कार्य में तेजी आई है। उम्मीद जताई जा रही है कि कुछ ही दिनों में यह मार्ग आंशिक रूप से बहाल हो सकता है। इसी के साथ स्यानाचट्टी क्षेत्र में सिंचाई विभाग यमुना नदी के किनारे झील के मुहाने से मलबा हटाने का काम कर रहा है ताकि जलभराव की स्थिति ना बने।

इसे भी पढ़ें – डोईवाला में नाबालिग की मौत से भड़का आक्रोश, चूड़ियां फेंकीं, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, उत्तरकाशी में एक एनएच सहित 11 ग्रामीण सड़कें, चमोली में एक राज्य मार्ग सहित 21 ग्रामीण सड़कें, रुद्रप्रयाग में चार, पिथौरागढ़ में छह, बागेश्वर में 11, पौड़ी गढ़वाल में तीन, अल्मोड़ा में दो, टिहरी और देहरादून में दो-दो ग्रामीण सड़कें बंद हैं। सभी जिलों में लोक निर्माण विभाग और संबंधित एजेंसियां सड़कों को खोलने में जुटी हैं।

मौसम विज्ञान केंद्र ने शनिवार 6 जुलाई को रुद्रप्रयाग, टिहरी, बागेश्वर और देहरादून जिलों के लिए भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। अन्य जिलों में भी येलो अलर्ट जारी किया गया है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों और स्थानीय लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है।

प्रदेश सरकार ने सभी जिला अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि चारधाम यात्रा मार्गों की निगरानी लगातार की जाए और आपात स्थिति में त्वरित राहत कार्य सुनिश्चित किया जाए।

Saurabh Negi

Share