यमुनोत्री हाईवे पर 200 मीटर सड़क ध्वस्त, यात्रा पर संशय

यमुनोत्री हाईवे पर 200 मीटर सड़क ध्वस्त, यात्रा पर संशय

उत्तरकाशी – फूलचट्टी से जानकीचट्टी तक की सड़क यमुना नदी के तेज कटाव से करीब 200 मीटर तक पूरी तरह बह गई है। इस कारण यमुनोत्री धाम की यात्रा शुरू होने पर संशय गहराता जा रहा है। पहले से ही जंगलचट्टी के पास 18 दिन बाद भी मार्ग सुचारू नहीं हो पाया है। वहीं बाडिया और सिलाई बैंड के समीप भी लगातार सड़क बंद और खुलने की स्थिति बनी हुई है।

मानसून के बाद दूसरा चरण शुरू होने जा रहा है, लेकिन सुरक्षित और सुगम यात्रा प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती है। सिलाई बैंड, बाडिया के नीचे और हनुमानचट्टी से फूलचट्टी के बीच कई स्थानों पर मार्ग खोलना बेहद जोखिम भरा है। फूलचट्टी से आगे की सड़क यमुना नदी के कटाव से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। कई जगहों पर सड़क का नामोनिशान तक नहीं बचा है। इससे यमुनोत्री धाम की यात्रा के संचालन को लेकर संदेह बना हुआ है।

इसे भी पढ़ें – रुद्रप्रयाग छेनागाड़ आपदा: 13वें दिन भी लापता लोगों की तलाश जारी

एनएच के एई धीरज गुप्ता ने बताया कि स्थिति सामान्य रही तो अगले दो दिनों में फूलचट्टी तक हाईवे दुरुस्त कर दिया जाएगा। वहीं लोनिवि के ईई तनुज कंबोज ने कहा कि ध्वस्त सड़क को सुधारने का प्रयास जारी है और जल्द ही यह एनएच को हस्तांतरित की जाएगी।

Saurabh Negi

Share