यमुनोत्री हाईवे नारद चट्टी के पास धंसा, यात्री बड़कोट में फंसे

यमुनोत्री हाईवे नारद चट्टी के पास धंसा, यात्री बड़कोट में फंसे

बड़कोट – यमुनोत्री नेशनल हाईवे सिलाई बैंड से जानकी चट्टी तक जर्जर हो चुका है। रविवार को नारद चट्टी के पास करीब 100 मीटर हिस्सा यमुना में समा गया, जिससे मार्ग पूरी तरह बाधित हो गया। स्थिति यह है कि स्थानीय लोग जान जोखिम में डालकर पहाड़ियों से होकर गांवों की ओर जा रहे हैं, जबकि यात्री केवल बड़कोट तक पहुंच पा रहे हैं और वहां खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं।

यात्री पंजीकरण केंद्र बड़कोट के अनुसार शुक्रवार को 26, शनिवार को 29 और रविवार को 10 यात्रियों का पंजीकरण हुआ। जिन यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग कराई थी, उन्हें खरादी तक भेजा गया, लेकिन उसके आगे मार्ग बंद होने से सभी वापस लौट गए।

कच्छ भुज (गुजरात) से आए 40 तीर्थयात्रियों के दल प्रमुख मयूर चौहान ने बताया कि वे दो दिनों से बड़कोट में फंसे हुए हैं। रविवार को खरादी तक पहुंचने पर पुलिस ने आगे बढ़ने से रोक दिया। उन्होंने नाराजगी जताई कि मार्ग खोलने या वैकल्पिक व्यवस्था की कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जा रही है। यात्रियों का कहना है कि यदि उन्हें ऋषिकेश या ऑनलाइन ही सही सूचना मिल जाती तो वे बेवजह यहां तक न आते।

यात्रियों ने स्थानीय प्रशासन से मांग की कि यात्रियों को इस तरह परेशानी न हो। उनका कहना है कि यदि मार्ग बंद है तो पंजीकरण केंद्रों पर ही यात्रियों को रोककर पूरी जानकारी दी जानी चाहिए।

इसे भी पढ़ें – सतपुली में गुलदार का दोबारा हमला, नौ वर्षीय बच्चा घायल, दहशत में श्रमिक

इस पर पर्यटन अधिकारी केके जोशी ने कहा कि पंजीकरण केंद्र निदेशालय द्वारा नियंत्रित और मॉनिटर होते हैं, जबकि मार्ग खुलने या बंद होने की सूचना देना पुलिस का कार्यक्षेत्र है।

Saurabh Negi

Share