गोवा ग्राम पंचायत चुनावों के भाजपा की जीत

गोवा ग्राम पंचायत चुनावों के भाजपा की जीत

गोवा में सत्तारूढ़ भाजपा ने ग्राम पंचायत के चुनावों में भारी जीत होने का दावा किया है। पार्टी ने शुक्रवार को दावा किया कि गोवा की 186 ग्राम पंचायतों में से करीब 150 में उससे जुड़े उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है। दो दिन पहले ही यहां मतदान कराया गया था। चुनाव बैलेट पेपर के जरिए हुए थे। 1,464 वार्डों में कुल 5,038 उम्मीदवार मैदान में थे। 78.70 प्रतिशत मतदान हुआ था। दरअसल, 10 अगस्त को हुए चुनाव की मतगणना शुक्रवार को 21 केंद्रों पर हुई।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि गोवा में भारतीय जनता पार्टी की यह सबसे बड़ी जीत है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कम से कम 140 से 150 पंचायतों में भाजपा के कार्यकर्ता सरपंच चुने जाएंगे। उन्होंने कहा कि जीत से राज्य में भाजपा सरकार को जमीनी स्तर पर अपने कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से लागू करने में मदद मिलेगी।

 

वहीं, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सदानंद शेत तनवड़े ने कहा कि पार्टी को जो जनादेश मिला है, वह जबरदस्त है। हालांकि, चुनाव पार्टी के प्रतीकों पर नहीं लड़ा गया था, लेकिन परिणाम बताते हैं कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने अधिकांश पंचायतों में जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि लोगों ने प्रमोद सावंत और उनकी सरकार के नेतृत्व में विश्वास दिखाया है। उन्होंने दावा किया कि कुछ गांवों में विपक्षी कांग्रेस को चौंकाने वाले झटके लगे।

 

उन्होंने बताया कि उदाहरण के लिए कलंगुट पंचायत में स्थानीय विधायक और कांग्रेस नेता माइकल लोबो द्वारा मैदान में उतारा गया उम्मीदवार भी हार गया। अधिकारियों ने बताया कि मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई और शाम सात बजे तक चली।

 

नवगठित पार्टी रिवोल्यूशनरी गोअन्स ने सेंट आंद्रे विधानसभा क्षेत्र में जीत हासिल करने का दावा किया है, जहां उसके उम्मीदवार ने इस साल के विधानसभा चुनावों में जीत हासिल की थी। इनके विधायक वीरेश बोरकर ने दावा किया कि पार्टी के उम्मीदवारों ने भाजपा के पूर्व विधायक फ्रांसिस सिलवीरा द्वारा मैदान में उतारे गए पैनल को हराया।

 

5,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे

इस बार पंचायत चुनाव में 5,000 से अधिक उम्मीदवार मैदान में थे। अधिकारियों के मुताबिक, बीते बुधवार को 186 पंचायत निकायों के लिए मतदान हुआ था। 1,464 वार्डों में कुल 5,038 उम्मीदवार मैदान में थे। राज्य चुनाव आयोग के मुताबिक, पंचायत चुनाव में 78.70 प्रतिशत मतदान हुआ था। कुल 6,26,496 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। उत्तरी गोवा में जहां 81.45 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया, वहीं दक्षिण गोवा में 76.13 प्रतिशत मतदान हुआ। उत्तरी गोवा के सत्तारी तालुका में सबसे अधिक 89.30 प्रतिशत मतदान हुआ।

 

64 उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित

ग्राम पंचायतों से कुल 64 उम्मीदवार निर्विरोध चुने गए हैं, जिनमें से 41 उत्तरी गोवा से और 23 दक्षिण गोवा से हैं। उत्तरी गोवा जिले में 97 पंचायतें हैं, जिसमें 2,667 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि 2,371 अन्य ने दक्षिण गोवा में 89 पंचायतों के लिए चुनाव लड़ा था। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, उत्तरी गोवा में 3,85,867 और दक्षिण गोवा में 4,11,153 मतदाता हैं।

 

Related articles

Leave a Reply

Share