उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, दिवाली के बाद खड़गे, राहुल और प्रियंका का दौरा संभव

उत्तराखंड चुनाव की तैयारी में जुटी कांग्रेस, दिवाली के बाद खड़गे, राहुल और प्रियंका का दौरा संभव

उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को जनहित के मुद्दों पर एक महीने की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा के दिवाली के बाद उत्तराखंड आने की संभावना है।

सोमवार को नई दिल्ली में आयोजित बैठक में खड़गे, राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने उत्तराखंड के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों पर चर्चा की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की गतिविधियों और रणनीति की समीक्षा की गई। राष्ट्रीय नेतृत्व ने प्रदेश के नेताओं को आपसी समन्वय के साथ काम करने और एक महीने का कार्यक्रम तैयार करने को कहा।

प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार कानून व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सुरक्षा, बेरोजगारी और पलायन जैसे मुद्दों पर विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के लोग बदलाव चाहते हैं। सैलजा ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाएगी और प्रदेशवासियों के अधिकारों तथा सम्मान की लड़ाई लड़ेगी।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर नजर रख रहा है। उन्होंने संगठन को मजबूत करने और सभी नेताओं के सामूहिक प्रयास से चुनाव लड़ने की बात कही। पार्टी का लक्ष्य वर्ष 2027 में उत्तराखंड की सत्ता में वापसी करना है।

उत्तराखंड में रैली के लिए मांगा समय

प्रदेश कांग्रेस ने मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा से उत्तराखंड में रैली आयोजित करने के लिए समय मांगा है। प्रस्तावित रैली की तारीख पर राष्ट्रीय नेतृत्व की ओर से निर्णय लिया जाना है। इसके बाद प्रदेश में पार्टी के चुनावी कार्यक्रमों की घोषणा होने की संभावना है।

बैठक में प्रदेश सहप्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, चुनाव प्रचार समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष हरक सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

 

Saurabh Negi

Share