राहुल गांधी ने रैली के दौरान भाजपा पर साधा निशाना, पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पूछे कई सवाल

राहुल गांधी ने रैली के दौरान भाजपा पर साधा निशाना, पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए पूछे कई सवाल

बेंगलुरू।  कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक के हवेरी में शनिवार को एक रैली के दौरान भारतीय जनता पार्टी पर जमकर निशाना साधा। पुलवामा आतंकी हमले का जिक्र करते हुए राहुल गांधी ने कहा,’ पीएम मोदी से मेरा एक छोटा सा सवाल है, इन सीआरपीएस के जवानों को शहीद किसने किया, जैश-ए-मुहम्मद के मुखिया का नाम क्या है, क्या भाजपा की सरकार ने मसूद अजहर को हिंदुस्तान की जेल से पाकिस्तान नहीं भेजा था’? 

राहुल गांधी ने नोटबंदी और किसानों के मुद्दों पर भी केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की गठबंधन सरकार ने किसानों का 11 हजार करोड़ का कर्ज माफ कर दिया लेकिन प्रधानमंत्री मोदी कर्ज माफी को लॉलीपॉप कह रहे हैं। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन मिलकर लोकसभा चुनाव लड़ेंगे और जीतेंगे भी। उन्होंने कहा कि नोटबंदी और जीएसटी ने देश की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाया है। यूपीए की सरकार आते ही जीएसटी में सुधार किया जाएगा। राहुल गांधी ने कहा कि किसान हमारे देश की रीढ़ हैं और हम उनके संघर्ष में उनके साथ खड़े हैं। वो बीमा के लिए पैसा देते हैं, लेकिन उसका फायदा कंपनियों को मिलता है।

बेरोजगारी के मुद्दे पर भी कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार को घेरा। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी की सरकार में 45 साल की सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। उन्होंने कहा कि पीएम सिर्फ भाषण देते हैं, पांच साल में युवाओं को रोजगार नहीं दे पाए।

रैली को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने यूपीए सरकार के समय में किए गए कार्यों को भी गिनाया। उन्होंने कहा कि ‘कांग्रेस ने हमेशा ऐतिहासिक काम किए हैं और इस बार सरकार बनते ही हम ऐतिहासिक कदम के रूप में न्यूनतम आय गारंटी लागू करने जा रहे हैं। हर गरीब व्यक्ति को न्यूनतम आय की गारंटी कांग्रेस देगी’। राहुल गांधी ने महिलाओं के आरक्षण के मुद्दे पर भी केंद्र सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस लोकसभा चुनाव के बाद सत्ता में आयी तो सबसे पहले महिलाओं को आरक्षण दिया जाएगा।

राहुल गांधी ने पीएम मोदी के विदेश नीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ‘प्रधानमंत्री देश को बताएं कि जब चीन की सेना डोकलाम में घुस गयी थी, तब आप चीन के राष्ट्रपति के साथ झूला झूल रहे थे’। राहुल गांधी ने राफेल डील को लेकर भी पीएम मोदी की आलोचना की। उन्होंने कहा कि अनिल अंबानी पर 45,000 करोड़ का कर्ज है और पीएम मोदी ने राफेल डील के रूप में उन्हें 30,000 करोड़ तोहफा दे दिया।

Related articles

Leave a Reply

Share