चमोली गांव में स्कूल जाते छात्र पर भालू का हमला, साथी की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

चमोली गांव में स्कूल जाते छात्र पर भालू का हमला, साथी की सूझबूझ से टली बड़ी अनहोनी

चमोली जिले के एक गांव में शनिवार सुबह स्कूल जाते समय एक छात्र पर भालू के शावक ने हमला कर दिया। घटना में कक्षा सात का छात्र देवेश घायल हो गया, जबकि उसके साथ चल रहे साथी की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार देवेश, जूनियर हाईस्कूल हरिशंकर का छात्र है। वह अपने छोटे दोस्त पकेश के साथ स्कूल जा रहा था। दोनों बच्चे जंगल से होकर गुजर रहे रास्ते पर थे, तभी झाड़ियों से अचानक भालू का शावक बाहर आया और देवेश के पैर को पंजों से पकड़ लिया। इस दौरान छात्र के पैर पर खरोंच के निशान आ गए।

घटना के समय देवेश के साथ मौजूद कक्षा छह के छात्र पकेश ने हिम्मत दिखाई। उसने जोर-जोर से शोर मचाया और पत्थर फेंके। इससे भालू पीछे हट गया और जंगल की ओर भाग गया। पकेश की तत्परता से स्थिति गंभीर होने से बच गई।

विद्यालय के शिक्षक मनबर रावत ने बताया कि घटना की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। घायल छात्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पोखरी ले जाया गया, जहां उसका प्राथमिक उपचार किया गया।

उप प्रभागीय वन अधिकारी बीरेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि छात्र को केवल हल्की चोटें आई हैं। पैर पर भालू के नाखूनों के सतही निशान पाए गए हैं। उपचार के बाद वन कर्मियों की सहायता से छात्र को सुरक्षित घर भेज दिया गया।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा, 80 प्रतिशत तक सब्सिडी की घोषणा

घटना के बाद वन विभाग ने क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल मार्गों के आसपास भालू की गतिविधियां बढ़ रही हैं, जिससे बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

Saurabh Negi

Share