उत्तराखंड में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा, 80 प्रतिशत तक सब्सिडी की घोषणा

उत्तराखंड में ड्रैगन फ्रूट की खेती को बढ़ावा, 80 प्रतिशत तक सब्सिडी की घोषणा

उत्तराखंड सरकार ने ड्रैगन फ्रूट की खेती को प्रोत्साहित करने के लिए 80 प्रतिशत सब्सिडी देने का निर्णय लिया है। सरकार ने इसे असिंचित और वर्षा आधारित भूमि के लिए उपयुक्त नकदी फसल के रूप में बढ़ावा देने का लक्ष्य रखा है। यह योजना ड्रैगन फ्रूट नीति 2025 के तहत लागू की गई है।

नीति के अनुसार ड्रैगन फ्रूट बाग लगाने की अनुमानित लागत आठ लाख रुपये प्रति एकड़ तय की गई है। इसमें से किसानों को 6.40 लाख रुपये तक की सब्सिडी मिलेगी। शेष 1.60 लाख रुपये किसान को स्वयं वहन करने होंगे। यह योजना वर्ष 2025 से 2028 तक लागू रहेगी।

उद्यान विभाग के अनुसार ऊधम सिंह नगर, हरिद्वार, नैनीताल, बागेश्वर, पौड़ी, देहरादून और टिहरी जिलों के किसान इस योजना के पात्र होंगे। वर्तमान में ऊधम सिंह नगर और हरिद्वार जिलों में ड्रैगन फ्रूट की खेती अधिक हो रही है।

सरकार ने इस योजना के तहत 228 एकड़ क्षेत्र में ड्रैगन फ्रूट की खेती विस्तार का लक्ष्य रखा है। इससे लगभग 450 किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। योजना का लाभ लेने के लिए न्यूनतम पांच नाली भूमि होना अनिवार्य रखा गया है।

ड्रैगन फ्रूट को जंगली जानवरों से कम नुकसान वाली फसल माना जाता है। यह पोषक तत्वों से भरपूर फल है और शहरी बाजारों में इसकी मांग लगातार बढ़ रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाने के साथ उच्च मूल्य वाली फसलों को बढ़ावा देना है।

इसे भी पढ़ें – देहरादून में मिलावटी पनीर बेचने पर वकील संचालित डेयरी पर एक लाख रुपये जुर्माना

कृषि एवं उद्यान मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि ड्रैगन फ्रूट की खेती से किसानों की आमदनी में वृद्धि होगी। उन्होंने बताया कि सितारगंज नर्सरी में पौध तैयार किए जाएंगे और योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां की जा रही हैं।

 

Saurabh Negi

Share