प्रधानमंत्री मोदी करेंगे ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ का उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ का उद्घाटन करेंगे। यह देश का सबसे बड़ा मोबिलिटी एक्सपो है, जो 17 से 22 जनवरी तक तीन स्थानों—भारत मंडपम, यशोभूमि (दिल्ली), और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (ग्रेटर नोएडा)—पर आयोजित होगा। इस आयोजन में 9 शो, 20 से अधिक कॉन्फ्रेंस और विभिन्न पवेलियन शामिल होंगे। राज्यों के विशेष सत्रों में उनकी नीतियों और योजनाओं को प्रदर्शित किया जाएगा।
यह आयोजन वैश्विक मोबिलिटी उद्योग के लिए महत्वपूर्ण है, जिसमें दुनियाभर के प्रदर्शक और विजिटर शामिल होंगे। इसे इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (EEPC) भारत और अन्य साझेदारों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।
भारत में 2024 में ऑटोमोबाइल बिक्री में 11.6% की वृद्धि हुई, जिससे कुल बिक्री 2.5 करोड़ यूनिट पर पहुंची। इसमें मुख्य योगदान दोपहिया वाहनों की 14.5% वृद्धि का रहा, जिससे 1.95 करोड़ यूनिट्स बिके। यात्री और तीन-पहिया वाहनों ने भी रिकॉर्ड तोड़ बिक्री की। भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार बाजार बना रहा, और 2024 की अंतिम तिमाही में वाहनों की बिक्री में ऐतिहासिक वृद्धि दर्ज की गई।