चमोली: थराली के ढालू में कार खाई में गिरी, दो लोगों की मौके पर मौत, गांव में छाया मातम

चमोली/थराली, 16 जून – उत्तराखंड के चमोली जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। यह हादसा कुलसारी-नेल ढालू मोटर मार्ग पर उस समय हुआ जब एक आल्टो कार अनियंत्रित होकर करीब 30 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दोनों व्यक्तियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी और खुद राहत व बचाव में जुट गए। मौके पर पहुंची थराली पुलिस और रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेजा गया।
मृतकों की पहचान:
- दर्शन राम (54 वर्ष) पुत्र लूती राम, निवासी ग्राम पास्तौली, राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र थराली
- दिनेश जोशी (60 वर्ष) पुत्र बलराम जोशी, निवासी ग्राम नैल, राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र थराली
थानाध्यक्ष पंकज कुमार ने बताया कि दिनेश जोशी ढालू में एक श्राद्ध कार्यक्रम में पूजा संपन्न करने के बाद दर्शन राम के साथ कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने सड़क सुरक्षा व मार्ग पर बैरियर या चेतावनी संकेत लगाने की मांग की है, ताकि ऐसे हादसों को भविष्य में रोका जा सके।