गंगोत्री हाईवे पर चांगथांग में हिमस्खलन, धाम का संपर्क जिला मुख्यालय से कटा

उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर धराली और जांगला पुल के बीच एक बार फिर चांगथांग क्षेत्र में हिमस्खलन हुआ है। यह तीसरी बार है जब इस स्थान पर बर्फ खिसकी है, जिससे गंगोत्री धाम समेत सीमावर्ती क्षेत्रों का जिला मुख्यालय से संपर्क कट गया है। जिला आपदा प्रबंधन विभाग ने घटना की पुष्टि की है।
पिछले माह 28 फरवरी को ऊंचाई वाले इलाकों में हुई भारी बर्फबारी के कारण डबरानी, झाला और भैरोघाटी के पास भी हिमस्खलन हुआ था। मौसम विभाग पहले ही ऊंचाई वाले इलाकों में हिमस्खलन की चेतावनी जारी कर चुका था।
हाल ही में हुई ताजा बर्फबारी के कारण गंगोत्री हाईवे पर आवाजाही ठप हो गई है। चांगथांग में हुआ यह हिमस्खलन इतना व्यापक था कि बर्फ का मलबा हाईवे से करीब 100 मीटर नीचे भागीरथी नदी तक पहुंच गया। प्रशासन हाईवे को खोलने के लिए राहत कार्यों में जुटा हुआ है।