केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलेंगे, यात्रा का पूरा कार्यक्रम जारी
विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। इसके साथ ही चारधाम यात्रा का विधिवत शुभारंभ होगा। कपाट खुलने से पहले पारंपरिक वैदिक अनुष्ठान और धार्मिक विधियां संपन्न की जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली 19 अप्रैल को शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से प्रस्थान करेगी। इससे एक दिन पहले 18 अप्रैल को शाम की आरती के बाद भैरवनाथ पूजा का आयोजन किया जाएगा, जो परंपरा का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
19 अप्रैल को डोली फाटा पहुंचेगी, जहां रात्रि विश्राम होगा। इसके बाद 20 अप्रैल को डोली गौरीकुंड पहुंचेगी और गौरीमाई मंदिर में विश्राम करेगी। 21 अप्रैल को डोली गौरीकुंड से प्रस्थान कर केदारनाथ धाम पहुंचेगी, जहां मंदिर परिसर में स्थापित की जाएगी।
22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ मुहूर्त में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कपाट खोले जाएंगे और श्रद्धालुओं के लिए दर्शन शुरू होंगे। इसके साथ ही केदारनाथ यात्रा औपचारिक रूप से प्रारंभ हो जाएगी।
इसे भी पढ़ें – धारचूला में खाई में गिरी कार, 75 वर्षीय चालक की मौत, दो घायल
जिला प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि यात्रा पर आने से पहले अनिवार्य पंजीकरण अवश्य कराएं और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
