नयार उत्सव-2024 का शुभारंभ: मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास की कई घोषणाएं की

नयार उत्सव-2024 का शुभारंभ: मुख्यमंत्री ने क्षेत्रीय विकास की कई घोषणाएं की

गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यमकेश्वर के ग्राम पंचायत किनसूर बागी में तीन दिवसीय नयार उत्सव-2024 का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने गंगा पूजन किया, महाशीर प्रजाति की मछली के सीड्स का प्रवाह किया और राफ्टिंग दल को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास के लिए 07 महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। इन घोषणाओं में देवप्रयाग-सतपुली मोटर मार्ग का विकास, देवप्रयाग-बुआखाल को राष्ट्रीय राजमार्ग में बदलना, 6 किमी लंबी नांद नदी सड़क का निर्माण, यमकेश्वर में मिनी स्टेडियम की स्वीकृति, गंगा भोगपुर के पास बीन नदी पर डबल लेन आरसीसी पुल का निर्माण, जाखणीखाल-ढंडोली मोटर मार्ग का डामरीकरण और यमकेश्वर क्षेत्र में डिग्री कॉलेज की स्थापना शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें – श्रीनगर-डुंगरीपंथ के बीच ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेलवे परियोजना 3.3 किमी एस्केप टनल हुई आर-पार

मुख्यमंत्री ने कहा कि नयार उत्सव के आयोजन से इस क्षेत्र को विश्व पटल पर पहचान मिलेगी और पर्यटन से आर्थिक व सांस्कृतिक विकास होगा। उन्होंने पौड़ी में 100 फीट ऊंचे झंडे और पार्क का निर्माण, त्रिशूल पार्क का निर्माण, केदारनाथ-बद्रीनाथ पैदल मार्ग का पुनर्जीवित करने, और श्रीनगर में गंगा संस्कृति केंद्र के विकास जैसी कई योजनाओं का जिक्र किया।

कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए बताया कि हाल ही में कैबिनेट की बैठक में गरीब महिलाओं को 2027 तक 3-3 सिलेंडर मुफ्त देने और वन्यजीव संघर्ष में घायलों को अटल आयुष्मान योजना के तहत मुफ्त उपचार देने के निर्णय लिए गए हैं।

इस अवसर पर कई प्रमुख नेता और अधिकारी, जैसे विधायक श्रीमती रेनू बिष्ट, जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।

Read This News In English – CM Dhami Inaugurates Nayar Utsav 2024, Announces Key Development Projects for Yamkeshwar

Saurabh Negi

Share