श्री दरबार साहिब में चला दर्शनों व मनौतियों का क्रम,श्री महाराज जी ने दिए संगतों को दर्शन व आशीर्वाद ,नगर परिक्रमा के स्वागत के लिए दूनवासी तैयार

श्री दरबार साहिब में चला दर्शनों व मनौतियों का क्रम,श्री महाराज जी ने दिए संगतों को दर्शन व आशीर्वाद ,नगर परिक्रमा के स्वागत के लिए दूनवासी तैयार

देहरादून। सोमवार को श्री झण्डे जी आरोहण के बाद मंगलवार को भी श्री दरबार साहिब परिसर में संगतों की भारी चहल पहल रही। अल सुबह से ही श्री दरबार साहिब के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज के दर्शनों के लिए संगतों की लम्बी कतारें लग गई थीं। श्री महाराज जी ने संगतों को दर्शन दिए व आशीर्वाद दिया। संगतों ने श्री झण्डा साहिब पर माथा टेका व मनौतियों मांगी।

श्री महाराज जी ने अपने उद्बोधन में संगतों को आदर्श जीवन जीने, पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आने, नशा मुक्ति में सहभागी बनने, सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया। उन्होंने जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति व मोक्ष के रहस्य का ज्ञान भी दिया। श्री महाराज जी ने आह्वान किया कि सभी नागरिकों को आदर्श व्यक्ति-आदर्श परिवार का संकल्प लेकर श्रेष्ठ राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने सुख शांति का संदेश एवम् गुरु मंत्र देते हुए गुरु महिमा के महत्व से आत्मसात करवाया।

श्री दरबार साहिब देहरादून के सज्जादानशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में बुधवार 27 मार्च को ऐतिहासिक नगर परिक्रमा होगी। नगर परिक्रमा के लिए संगत व देहरादून के श्रद्धालू पूरी तरह तैयार हैं। नगर परिक्रमा सुबह 9ः30 बजे प्रारम्भ होगी। नगर परिक्रमा में 25 हजार से अधिक संगत शामिल होंगी। नगर परिक्रमा देहरादून के नगरवासियों के लिए भी ऐतिहासिक क्षण होता है जब देश विदेश की संगत उनके बीच होती है।

हर साल यह बहुत ही मनमोहक नज़ारा होता है जब श्री गुरु राम राय जी महाराज के द्वारा बसाए गए देहरादून नगर के बीचों बीच से गुरु की संगत गुजरती है और दूनवासी पलक पावड़े बिछाए पुष्प वर्षा के साथ उनका स्वागत करते हैं।

श्री दरबार साहिब के वरिष्ठ जनसम्पर्क अधिकारी भूपेन्द्र रतूड़ी ने बताया कि परंपरानुसार श्री झण्डे जी आरोहण के तीसरे दिन नगर परिक्रमा का आयोजन किया जाता है। नगर परिक्रमा में श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज की अगुआई में संगत नगर की परिक्रमा करती है। बुधवार सुबह 9.30 बजे श्री दरबार साहिब परिसर से नगर परिक्रमा आरंभ होगी, नगर परिक्रमा सहारनपुर चौक, कांवली रोड होते हुए श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, बिंदाल पहुंचेगी।

यहां संगत को चने, मुरमुरे व गुड़ का प्रसाद वितरित किया जाएगा। यहां से तिलक रोड, टैगोर-विला, घण्टाघर व घण्टाघर से पल्टन बाजार होते हुए लक्खीबाग पहुंचेगी। इसके बाद ब्रहमलीन श्री महंतों की समाधि पर माथा टेकेने के बाद दोपहर 1.30 बजे नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब पहुंचकर सम्पन्न होगी। दूनवासी द्वारा नगर परिक्रमा के सम्पूर्ण रूट के दौरान शहर भर में भव्य स्वागत व जलपान की व्यवस्था आवश्यक तैयारियां की गई है।

Related articles

Leave a Reply

Share