यूकेएसएसएससी ने सात प्रस्तावित परीक्षाओं का कार्यक्रम बदला, नई तिथियां जारी
देहरादून। उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग ने सात प्रस्तावित परीक्षाओं के कार्यक्रम में बदलाव किया है। अभ्यर्थियों के अनुरोध और परीक्षा आयोजन की प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारु बनाने के लिए आयोग ने संशोधित कार्यक्रम जारी किया है।
आयोग ने 25 अगस्त 2026 को जारी परीक्षा कार्यक्रम में संशोधन करते हुए पशुधन प्रसार अधिकारी और सर्वेक्षक की परीक्षा की प्रस्तावित तिथि बदल दी है। अब यह परीक्षा 18 अक्टूबर को आयोजित की जाएगी। पहले इसके लिए 20 सितंबर की तिथि प्रस्तावित थी।
वहीं, साहसिक खेल अधिकारी, कैमरामैन और तकनीकी सहायक (इतिहास) की परीक्षा अब 20 सितंबर को होगी। पहले यह परीक्षा 18 अक्टूबर को प्रस्तावित थी।
सहायक लेखाकार (विभिन्न विभाग) और निजी सहायक (विभिन्न विभाग) की परीक्षा की तिथि में भी बदलाव किया गया है। दोनों परीक्षाएं अब एक नवंबर को आयोजित करने का प्रस्ताव है।
2027 की परीक्षा तिथि को लेकर स्पष्टीकरण
आयोग ने विज्ञान विषयों से संबंधित विभिन्न पदों की परीक्षा तिथि को लेकर भी स्पष्टीकरण जारी किया है। आयोग के अनुसार परीक्षा कार्यक्रम में 17 जनवरी 2026 की तिथि गलती से दर्ज हो गई थी।
अभ्यर्थियों को सूचित किया गया है कि उक्त तिथि को 17 जनवरी 2027 पढ़ा जाए। आयोग ने प्रभावित परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों से संशोधित कार्यक्रम ध्यान से देखने और नई तिथियों के अनुसार तैयारी करने को कहा है।
