टिहरी के चाल्द गांव क्षेत्र में बकरी ले जाते युवक पर भालुओं का हमला, गंभीर घायल

टिहरी के चाल्द गांव क्षेत्र में बकरी ले जाते युवक पर भालुओं का हमला, गंभीर घायल

टिहरी जिले के नरेंद्रनगर क्षेत्र अंतर्गत आगरा खाल इलाके में मंगलवार सुबह भालुओं के हमले में एक 25 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना आगरा खाल पुलिस चौकी क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े नौ बजे हुई।

स्थानीय जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान चाल्द गांव के कड्डू खाल निवासी विजेंद्र पुत्र प्रेम सिंह के रूप में हुई है। विजेंद्र बकरी को लेकर आगरा खाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान जंगल के रास्ते में अचानक दो भालुओं ने उस पर हमला कर दिया।

हमले के दौरान विजेंद्र ने साहस दिखाते हुए खुद को बचाने की कोशिश की। बताया जा रहा है कि उसने एक भालू को गर्दन से पकड़कर पीछे धकेल दिया। इसके बाद दूसरे भालू ने उस पर हमला किया, जिससे उसके गले, कंधे और पीठ पर गहरे घाव आ गए।

विजेंद्र की चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद ग्रामीण और उसके साथी मौके पर पहुंचे। लोगों को आता देख भालू जंगल की ओर भाग गए। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को एंबुलेंस के माध्यम से नरेंद्रनगर स्थित श्रीदेव सुमन राजकीय उपजिला अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल के चिकित्सकों ने बताया कि प्राथमिक उपचार के बाद युवक की हालत स्थिर है और वह खतरे से बाहर है। घटना की सूचना मिलने पर नरेंद्रनगर के तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल, वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी और प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर दिगंथ नायक मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।

इसे भी पढ़ें – विजय दिवस पर देहरादून में मुख्यमंत्री ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

यह घटना एक बार फिर वन क्षेत्रों से लगे ग्रामीण इलाकों में मानव-वन्यजीव संघर्ष के बढ़ते खतरे को दर्शाती है।

Saurabh Negi

Share