यूपीएससी 2024: पांचवें प्रयास में शक्ति दुबे बनीं टॉपर

संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा सिविल सेवा परीक्षा 2024 का अंतिम परिणाम जारी कर दिया गया है। प्रयागराज की शक्ति दुबे ने ऑल इंडिया रैंक-1 हासिल कर टॉप किया है। यह उनका पांचवां प्रयास था। पिछली बार वह महज 12 अंकों से सफल नहीं हो पाई थीं।
शक्ति दुबे ने इलाहाबाद यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से बायोकेमिस्ट्री में पोस्ट ग्रेजुएशन किया। 2018 में पढ़ाई पूरी होने के बाद उन्होंने सिविल सेवा की तैयारी शुरू की थी। उन्होंने पॉलिटिकल साइंस और इंटरनेशनल रिलेशंस को वैकल्पिक विषय चुना।
अपनी यात्रा के बारे में बताते हुए शक्ति ने कहा कि शुरुआत में वह काफी भ्रमित थीं, जैसा अधिकांश उम्मीदवारों के साथ होता है। लेकिन समय के साथ उन्होंने खुद को निखारा और टॉपर्स के यूट्यूब वीडियो और इंटरनेट सामग्री से प्रेरणा ली। उन्होंने कहा कि यह यात्रा उनके व्यक्तित्व निर्माण में बेहद मददगार रही।