उत्तराखंड के सभी मदरसों में लागू होगा उत्तराखंड बोर्ड का पाठ्यक्रम

उत्तराखंड सरकार ने राज्य के सभी मदरसों और अल्पसंख्यक शिक्षण संस्थानों में उत्तराखंड बोर्ड ऑफ स्कूल एजुकेशन का पाठ्यक्रम लागू करने का निर्णय लिया है। सरकार ने इसे छात्रों के हित में लिया गया कदम बताया है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि इस फैसले का उद्देश्य अल्पसंख्यक समुदाय के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समान शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि राज्य में नया अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम लागू किया गया है, जिससे शैक्षणिक स्तर को मजबूत किया जा सके।
मुख्यमंत्री विश्व अल्पसंख्यक अधिकार दिवस पर हिमालयन कल्चरल सेंटर में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता लागू कर सामाजिक न्याय और समानता का उदाहरण प्रस्तुत किया गया है। शिक्षा से जुड़े सुधार भी इसी उद्देश्य के तहत किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री अल्पसंख्यक प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता ऐसे व्यावहारिक निर्णय लेना है, जिनका सीधा लाभ छात्रों तक पहुंचे।




