राजभवन से लौटे दो विधेयक फिर विधानसभा में होंगे पेश, यूसीसी संशोधन पर होगी पुनः समीक्षा

राजभवन से लौटे दो विधेयक फिर विधानसभा में होंगे पेश, यूसीसी संशोधन पर होगी पुनः समीक्षा

उत्तराखंड – राजभवन से आपत्तियों के साथ लौटे दो विधेयकों को संशोधन के बाद फिर से उत्तराखंड विधानसभा में प्रस्तुत किया जाएगा। इनमें समान नागरिक संहिता से जुड़ा संशोधन विधेयक भी शामिल है, जिस पर अब संबंधित विभाग द्वारा पुनः परीक्षण किया जा रहा है।

समान नागरिक संहिता संशोधन विधेयक को गैरसैंण सत्र में विधानसभा से पारित किए जाने के बाद अनुमोदन के लिए राजभवन भेजा गया था। परीक्षण के दौरान राजभवन में विधेयक के एक प्रावधान में त्रुटि पाई गई। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, धारा 4 में निर्धारित आयु से कम विवाह पर दंड से संबंधित प्रावधान दो बार दर्ज हो गया था।

विधेयक लौटाए जाने के बाद गृह विभाग द्वारा आपत्ति को दूर कर संशोधित विधेयक को दोबारा विधानसभा में प्रस्तुत करने की प्रक्रिया शुरू की गई है। सरकार का कहना है कि यह त्रुटि तकनीकी प्रकृति की है और आवश्यक सुधार के बाद विधेयक को फिर से पेश किया जाएगा।

इससे पहले राजभवन ने धार्मिक रूपांतरण से संबंधित विधेयक भी आपत्तियों के साथ लौटाया था। इस विधेयक पर अब धार्मिक कार्य विभाग द्वारा आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं, जिसके बाद इसे भी संशोधित रूप में विधानसभा के समक्ष रखा जाएगा।

इसे भी पढ़ें – उत्तराखंड में ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान की शुरुआत, 45 दिन तक लगेंगे शिविर

सरकारी स्तर पर बताया गया है कि दोनों विधेयकों से जुड़ी आपत्तियों का शीघ्र समाधान कर उन्हें पुनः विधायी प्रक्रिया में शामिल किया जाएगा।

Saurabh Negi

Share