अल्मोड़ा में आज निकलेगी मां नंदा-सुनंदा की भव्य डोली, विदाई पूजा के बाद होगा विसर्जन

अल्मोड़ा में आज निकलेगी मां नंदा-सुनंदा की भव्य डोली, विदाई पूजा के बाद होगा विसर्जन

अल्मोड़ा में नंदा देवी मेला 2026 के तहत बुधवार को मां नंदा और सुनंदा की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। दोपहर में देवी प्रतिमाओं की विदाई पूजा के साथ धार्मिक अनुष्ठान शुरू होंगे, जिसके बाद डोली मंदिर परिसर से प्रस्थान करेगी।

मंदिर समिति के अनुसार, चंद वंश के उत्तराधिकारी युवराज नरेंद्र चंद्र राज सिंह दोपहर 1 बजे देवी प्रतिमाओं की विदाई पूजा करेंगे। इसके बाद अपराह्न 3:30 बजे विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न होगी और मां नंदा-सुनंदा की डोली मंदिर परिसर से रवाना होगी।

डोली सबसे पहले मां नंदा देवी मंदिर की परिक्रमा करेगी। इसके बाद शोभायात्रा निर्धारित मार्ग से होते हुए अल्मोड़ा नगर के विभिन्न बाजारों और प्रमुख मार्गों से गुजरेगी। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।

मां नंदा और सुनंदा की प्रतिमाओं का विसर्जन शाम करीब 6:30 बजे दुगालखोला नौले में पारंपरिक विधि-विधान के साथ किया जाएगा। शोभायात्रा और विसर्जन के साथ नंदा देवी मेले के प्रमुख धार्मिक अनुष्ठानों का समापन होगा।

मुख्य सांस्कृतिक संयोजक अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा ने अल्मोड़ा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों से बड़ी संख्या में शोभायात्रा में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की भागीदारी से आयोजन की भव्यता बढ़ेगी और लोगों को मां नंदा-सुनंदा के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।

जर्जर भवनों को लेकर सुरक्षा अपील

शोभायात्रा को देखते हुए समिति ने सुरक्षा को लेकर भी अपील जारी की है। अर्जुन सिंह बिष्ट चीमा ने पुराने और जर्जर भवनों के स्वामियों से अनुरोध किया है कि वे अपनी छतों या अत्यधिक कमजोर भवनों में लोगों की भीड़ एकत्र न होने दें।

समिति ने यह अपील संभावित दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए की है। श्रद्धालुओं से भी आयोजन के दौरान प्रशासन और समिति द्वारा जारी सुरक्षा व्यवस्थाओं तथा निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।

Saurabh Negi

Share