रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर आमने-सामने भिड़ीं कार और बाइक, सरकारी चालक की मौत
रुद्रप्रयाग-पोखरी मोटर मार्ग पर बुधवार सुबह कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा मैकोटी डाट पुल के पास हुआ, जो सत्तेराखाल से करीब चार किलोमीटर पहले स्थित है। दुर्घटना में बाइक सवार 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक की पहचान रुद्रप्रयाग के बोरा गांव निवासी शिवलाल के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, शिवलाल रुद्रप्रयाग स्थित विकास भवन में चालक के पद पर कार्यरत थे। वह ड्यूटी के लिए रुद्रप्रयाग की ओर जा रहे थे, इसी दौरान हादसा हो गया।
बताया गया कि कार नैनाथ पोखरी की ओर जा रही थी। मैकोटी डाट पुल के पास कार और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
दुर्घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी जुटाई। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच की जा रही है।
जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि मृतक के शव को जिला अस्पताल लाया जा रहा था। मामले में आगे की जानकारी की प्रतीक्षा है।
