बिटकॉइन मुनाफे का झांसा, देहरादून में 13.35 लाख की ठगी

देहरादून में बिटकॉइन कारोबार के जरिए रोजाना भारी मुनाफा दिलाने का झांसा देकर 13.35 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायतकर्ता के अनुसार, उसे 10 हजार डॉलर के निवेश पर रोजाना 300 से 500 डॉलर तक मुनाफा मिलने का भरोसा दिया गया था।

शिकायत के अनुसार, जून 2026 में एक व्यक्ति ने फोन कर अपना नाम कार्तिक अग्रवाल बताया। उसने खुद को बिटकॉइन कारोबार से जुड़ी कंपनी का कर्मचारी बताया और निवेश पर रोजाना 500 डॉलर तक मुनाफा मिलने का दावा किया। इसके बाद शिकायतकर्ता से आईएमटी मार्केट डॉट कॉम से जुड़े खाते में 20 लाख रुपये जमा करने को कहा गया।

शिकायतकर्ता ने अलग-अलग तारीखों में बैंक खातों के माध्यम से कुल 13 लाख 35 हजार 323 रुपये स्थानांतरित किए। शिकायत के अनुसार, रकम आईएमटी मार्केट से जुड़े धन संग्रह करने वाले लोगों के भारतीय बैंक खातों में भेजी गई।

हर भुगतान के बाद शिकायतकर्ता से भुगतान की रसीद या लेनदेन का स्क्रीनशॉट वेबसाइट पर अपलोड करने को कहा जाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार, इसके बाद जमा की गई रकम उसके ऑनलाइन कारोबार खाते में दिखाई देती थी।

बाद में शिकायतकर्ता ने खाते में करीब 20 हजार डॉलर की रकम दिखाई देने का दावा किया। जब उसने यह रकम निकालने का प्रयास किया तो वेबसाइट के माध्यम से निकासी कथित तौर पर रोक दी गई।

निकासी रुकने पर हुआ ठगी का शक

शिकायतकर्ता ने बताया कि रकम नहीं निकाल पाने के बाद उसे संदेह हुआ। इसके बाद उसने कार्तिक अग्रवाल से संपर्क किया। उसने पुलिस को यह भी बताया कि उसके पास आरोपी के साथ हुई बातचीत की रिकॉर्डिंग मौजूद है।

शिकायतकर्ता ने 15 सितंबर को राष्ट्रीय साइबर अपराध शिकायत पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई। इसमें कार्तिक अग्रवाल, रकम जमा कराने वाले लोगों और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ कार्रवाई के साथ रकम वापस दिलाने की मांग की गई।

शिकायत के आधार पर डालनवाला थाना पुलिस ने कार्तिक अग्रवाल और आईएमटी मार्केट डॉट कॉम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच निरीक्षक अश्विनी बलूनी को सौंपी गई है।

थाना प्रभारी विनोद गुसाईं ने बताया कि पुलिस बैंक खातों में हुए लेनदेन, रकम जमा कराने वाले लोगों और आरोपी से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में जांच जारी है।

Saurabh Negi

Share