60 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त तीर्थयात्रा, गंगोत्री और बदरीनाथ धाम के लिए आवेदन शुरू
देहरादून। उत्तराखंड पर्यटन विभाग दीनदयाल उपाध्याय मातृ-पितृ तीर्थाटन योजना के तहत 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र के वरिष्ठ नागरिकों को मुफ्त तीर्थयात्रा कराने की तैयारी कर रहा है। इस वर्ष योजना के तहत गंगोत्री और बदरीनाथ धाम की यात्रा प्रस्तावित है।
यात्रा सितंबर के पहले सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। योजना के तहत पात्र बुजुर्गों को तीर्थस्थलों तक यात्रा के साथ आवास और भोजन की सुविधा भी निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। पर्यटन विभाग को अब तक 150 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।
नैनीताल जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्या ने बताया कि इस वर्ष गंगोत्री और बदरीनाथ धाम की यात्रा प्रस्तावित की गई है। विभागीय स्तर पर आवेदन मांगे गए थे। अब तक बदरीनाथ के लिए 90 और गंगोत्री के लिए 60 आवेदन प्राप्त हुए हैं।
अभी भी कर सकते हैं आवेदन
पात्र वरिष्ठ नागरिक अभी भी तीर्थयात्रा के लिए आवेदन कर सकते हैं। पंजीकरण जिला प्रशासन के माध्यम से किया जाएगा। इसके बाद जिला पर्यटन अधिकारियों के माध्यम से यात्रा का आयोजन किया जाएगा।
आवेदन के लिए आधार कार्ड और आय प्रमाण पत्र देना होगा। सेवानिवृत्त सरकारी कर्मचारी और आयकर देने वाले लोग इस योजना के लिए पात्र नहीं होंगे।
जिलाधिकारी कार्यालय से होगा पंजीकरण
योजना के तहत पंजीकरण जिलाधिकारी कार्यालय के माध्यम से कराया जाएगा। इच्छुक व्यक्ति जिला पर्यटन विकास अधिकारी के कार्यालय से आवेदन पत्र प्राप्त कर सकते हैं। निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन जमा करने के बाद पात्रता की जांच की जाएगी।
योजना का उद्देश्य पात्र वरिष्ठ नागरिकों को उत्तराखंड के प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा का अवसर देना है, ताकि उन्हें यात्रा, भोजन और ठहरने के प्रमुख खर्चों का भार स्वयं न उठाना पड़े।
