लक्सर और सुल्तानपुर में मिठाई की दुकानों पर छापेमारी, 5 किलो खराब मिठाई नष्ट
हरिद्वार – त्योहारी सीजन में मिठाइयों की बढ़ती मांग के बीच खाद्य सुरक्षा विभाग ने लक्सर और सुल्तानपुर में मिठाई की दुकानों और निर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया। सोमवार को चलाए गए अभियान के दौरान कई अनियमितताएं मिलीं। अधिकारियों ने एक दुकान से पांच किलो खराब मिठाई नष्ट कराई और संबंधित संचालकों को नोटिस जारी किए।
वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन और योगेंद्र पांडे के नेतृत्व में टीम ने लक्सर की एक मिठाई निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। यहां साफ-सफाई की व्यवस्था संतोषजनक नहीं मिली। खुले में रखी मिठाइयों पर निर्माण और समाप्ति तिथि भी दर्ज नहीं थी। लक्सर की एक अन्य दुकान पर भी मिठाइयों से जुड़ी अनिवार्य जानकारी प्रदर्शित नहीं की गई थी। विभाग ने दोनों प्रतिष्ठानों के संचालकों को नोटिस जारी किए।
इसके बाद टीम ने सुल्तानपुर स्थित मिठाई निर्माण इकाई की जांच की। यहां मिठाई रखने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे टिन के डिब्बों पर निर्माण और समाप्ति तिथि अंकित नहीं मिली। अधिकारियों ने संचालक को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने और जरूरी लाइसेंस प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए।
खाद्य पदार्थों के 78 नमूने लिए
अभियान के दौरान टीम ने मिठाई, मसाले, तेल, दूध और घी सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के 78 नमूने जांच के लिए एकत्र किए। निरीक्षण में 13 उत्पाद निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए गए। संबंधित उत्पादों को दुकानों और प्रतिष्ठानों से हटवा दिया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने त्योहारी सीजन को देखते हुए दुकानों और निर्माण इकाइयों की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों ने कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने, खाद्य पदार्थों पर अनिवार्य जानकारी प्रदर्शित करने और लाइसेंस संबंधी नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।

