चारधाम यात्रा 2025 शुरू : आज (अक्षय तृतीया) खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

चारधाम यात्रा 2025 शुरू : आज (अक्षय तृतीया) खुलेंगे गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट

उत्तरकाशी, 29 अप्रैल 2025 – अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड में चारधाम यात्रा 2025 की विधिवत शुरुआत हो गई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट वैदिक मंत्रोच्चार और पारंपरिक विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के दर्शन हेतु खोल दिए गए। इस शुभ घड़ी को लेकर पूरे क्षेत्र में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा।

गंगोत्री धाम की ओर मां गंगा की डोली रवाना
मां गंगा की भोगमूर्ति डोली कल (मंगलवार) सुबह 11:57 बजे मुखबा गांव से अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के लिए रवाना हुई। डोली ने भैरोघाटी में रात्रि विश्राम किया और बुधवार सुबह गंगोत्री मंदिर पहुंची, जहां 10:30 बजे मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। धाम में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी और ‘जय गंगे’ के उद्घोष से वातावरण गूंज उठा।

वहीं, यमुनोत्री धाम में मां यमुना की डोली को शीतकालीन प्रवास खरसाली गांव से सुबह रवाना किया गया। पारंपरिक वाद्य यंत्रों और ग्रामीणों के जयकारों के बीच डोली धाम पहुंची। स्नान और पूजन के बाद दोपहर 11:55 बजे मंदिर के कपाट खोले गए। भक्तों ने मां यमुना के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

तीन-स्तरीय ट्रैफिक प्लान लागू, सीसीटीवी से निगरानी
चारधाम यात्रा को सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए पुलिस ने यातायात प्रबंधन का तीन-स्तरीय प्लान लागू किया है। यात्रा मार्ग को 15 सुपर जोन, 41 जोन और 217 सेक्टरों में विभाजित किया गया है। इस बार कुल 624 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जा रही है। साथ ही नौ एएसपी व डीएसपी स्तर के अधिकारियों को अलग-अलग जोनों में तैनात किया गया है। केंद्र सरकार से पहली बार 10 अर्द्धसैनिक बल कंपनियों की मांग भी की गई है।

इसे भी पढ़ें – गौचर और जोशियाड़ा के लिए फिर शुरू हुई हेली सेवा, जल्द बढ़ेगा दायरा

यात्रा में प्रशासनिक चौकसी के साथ उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
कपाट खुलते ही दोनों धामों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य व पर्यटन विभाग के कर्मचारी यात्रा मार्ग पर अलर्ट मोड में हैं। सभी प्रमुख पड़ावों पर सहायता केंद्र, स्वास्थ्य सुविधा और पेयजल की व्यवस्था की गई है।

Saurabh Negi

Share