ज्योलीकोट के पास गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की टवेरा, लखनऊ के छह पर्यटक घायल, दो की हालत गंभीर

ज्योलीकोट के पास गहरी खाई में गिरी पर्यटकों की टवेरा, लखनऊ के छह पर्यटक घायल, दो की हालत गंभीर

नैनीताल घूमकर लौट रहे लखनऊ के छह पर्यटक उस समय सड़क हादसे का शिकार हो गए, जब उनकी टवेरा गाड़ी ज्योलीकोट के पास करीब 40 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में सभी लोग घायल हो गए, जिनमें चालक समेत दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला।

पुलिस के अनुसार, गोमती नगर, लखनऊ निवासी सिद्धार्थ प्रताप सिंह (24), निखिल त्रिपाठी (20), आदित्य त्रिपाठी (24), सिद्धांत सिंह (23), आदर्श मिश्रा (23) और निखिलेंद्र सिंघल (23) स्थानीय चालक संग्राम सिंह के साथ टवेरा वाहन (यूके 04 टीबी 3870) से नैनीताल से काठगोदाम की ओर लौट रहे थे।

ज्योलीकोट नंबर-1 से आगे वाहन अचानक अनियंत्रित होकर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को खाई से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस ने बताया कि चालक संग्राम सिंह और पर्यटक निखिलेंद्र सिंघल गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को 108 एंबुलेंस की सहायता से हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।

अन्य चार पर्यटकों को भी चोटें आई हैं, हालांकि उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Saurabh Negi

Share